नयी दिल्ली: बीते रविवार को IPL-2018 फ़ाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को हराकर ख़िताब जीता. इस जीत में ऑस्ट्रेलिया के शैन वॉटसन का सबसे बड़ा योगदान रहा जिन्होंने नाबाद शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. ये चेन्नई की तीसरी ख़िताबी जीत है.
IPL के इस सीज़न में काफ़ी खिलाड़ी चमके और कई अपनी प्रतिष्ठा के अनुरुप प्रदर्शन नहीं कर सके. हम यहां बताने जा रहे हैं साउथ अफ़्रीका के बारे में. आपको बता दें कि साउथ अफ़्रीका के दिग्गज बल्लेबाज़ एबी डिविलियर्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लेने की घोषणा कर दी है. इसके बाद विश्व कप के लिए साउथ अफ़्रीका की टीम में नंबर चार की जगह ख़ाली हो गई है.
एबी डिविलियर्स- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर हालंकि प्लेऑफ़ स्टेज में नहीं पहुंच सकी लेकिन डिविलियर्स का प्रदर्शन शानदार रहा. 34 साल के डिविलियर्स ने हैदराबाद के ख़िलाफ़ बाउंड्री पर एक हाथ से कैच पकड़कर सनसनी फैला दी थी. उन्होंने IPL-2018 में 12 मैचों में 480 रन बनाए.
क्विंटन डिकॉक ने शुरुआत में काफी धमाकेदार बल्लेबाज़ी की और चेन्नई के ख़िलाफ़ 37 गेंदों में 53 और हैदराबाद के ख़िलाफ़ 34 गेंदों में 45 रन बनाए. इस बीच एक शादी में शामिल होने के लिए डिकॉक को स्वदेश लौटना पड़ा लेकिन इसके बाद वह एक भी मैच नहीं खेले. डिकॉक ने 8 मैचों में 201 रन बनाए, 7 कैच पकड़े और 3 स्टंपिंग की.