बीजिंग: चीन में कोरोना वायरस विषाणु के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वायरस से अब तक 830 लोगों के पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि इस विषाणु के कारण 25 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 24 की मौत मध्य चीन के हुबेई प्रांत में और एक की मौत उत्तरी चीन के हेबेई में हुई हे। उसने बताया कि गुरुवार तक कोरोना वायरस के कारण निमोनिया से पीड़ित होने के 830 मामलों की पुष्टि हुई है। आयोग ने बताया कि देश के 20 प्रांतीय स्तर के क्षेत्रों में कुल 1072 संदिग्ध मामले सामने आए हैं।
5 शहरों को चीन ने किया सील
चीन ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाते हुए गुरुवार को वुहान सहित 5 शहरों को सील कर दिया था। चीनी नववर्ष के पहले सड़कों पर भीड़भाड़ बढ़ने के मद्देनजर गाड़ियों, ट्रेनों और विमानों समेत आवागमन के विभिन्न माध्यमों को रोक दिया गया है। इन शहरों में तकरीबन 2 करोड़ लोग रहते हैं। चीनी अधिकारियों ने गुरुवार शाम हुबेई प्रांत में 5 शहरों, हुगांग, एझाओ, झिजियांग, क्विनजिआंग और वुहान में सार्वजनिक परिवहन को रोकने की घोषणा की। इस वायरस से मरने वालों की औसत उम्र 73 साल है।
कोरोनावायरस से मरने वालों की औसत उम्र 73 साल है। AP
वुहान में रहते हैं 700 भारतीय छात्र
मृतकों में सबसे उम्रदराज शख्स 89 साल का था जबकि सबसे कम उम्र के लिहाज से 48 साल के व्यक्ति की मौत हुई। भारतीय दूतावास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि चीनी अधिकारियों ने प्रांत में रह रहे भारतीयों को खाद्य आपूर्ति सहित सभी सहयोग का आश्वासन दिया है। भारत के लिहाज से भी चिंता की वजह है क्योंकि करीब 700 भारतीय छात्र वुहान और आसपास के इलाके में रहते हैं। इन छात्रों में ज्यादातर चीनी यूनिवर्सिटियों में मेडिकल की पढ़ाई करते हैं। भारतीय दूतावास ने 2 नंबर (+8618612083629, +8618612083617) भी जारी किए हैं जिसके जरिए उनसे संपर्क किया जा सकता है।
फिलिपींस की राजधानी मनीला में वायरस के डर से मास्क लगाए लोग। AP