तेहरान: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने देश के अमेरिकी हमले में मारे गए कुद्स फोर्स के कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी के ताबूत पर आखिरी नमाज पढ़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान में सोमवार को बेहद भावनात्मक आयोजन में खामेनेई ने ईरान के दूसरे सबसे ताकतवर शख्स माने जाने वाले सुलेमानी को अंतिम विदाई दी। इराक की राजधानी बगदाद के इंटरनेशल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को अमेरिका ने सुलेमानी को निशाना बनाकर ड्रोन से हमला किया था जिसमें उनकी मौत हो गई थी।
खामेनेई ने लिया है बदले का संकल्प
अमेरिका का यह हमला ईरान के लिए बहुत बड़ा झटका है और इसने पश्चिम एशिया में नए सिरे से युद्ध की आशंकाओं बढ़ा दिया है। सुलेमानी की मौत के बाद खामेनेई ने संकल्प लिया था कि अमेरिका से उनके कत्ल का बदला जरूर लिया जाएगा। वहीं, देश के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने भी कहा था कि सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए क्षेत्र के आजाद देश जरूर साथ आएंगे। ईरान समर्थित मिलिशिया ग्रुप्स ने भी सुलेमानी की हत्या का बदला लेने की बात कही थी।
सुलेमानी के परिवार से मुलाकात करते खामेनेई। AP
ट्रंप ने कहा, बदला लेने की कोशिश न करे ईरान
वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यदि ईरान अपने शीर्ष सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की कोशिश करता है तो अमेरिका ‘बड़ी जवाबी कार्रवाई करेगा’ और ईरानी सांस्कृतिक स्थलों पर बमबारी की जाएगी। आपको बता दें कि सुलेमानी को मारने का आदेश ट्रंप ने ही दिया था। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान सुलेमानी की मौत का बदला लेने की कोशिश करता है तो उसपर वे नए हथियार आजमाए जाएंगे जिन्हें अमेरिका ने हाल ही में विकसित किया है।
तेहरान में लोगों कासिम सुलेमानी को कुछ इस अंदाज में याद कर रहे थे। AP