प्योंगयांग: उत्तर कोरिया की परमाणु महत्वाकांक्षाओं के चलते बढ़ते तनाव के बीच किम जोंग-उन ने शनिवार को शक्ति प्रदर्शन के लिए निकाली गई परेड का निरीक्षण किया और कदम ताल करते हुए सैनिकों को सलाम किया। सैनिकों के साथ-साथ टैंकों और अन्य सैन्य उपकरणों को भी परेड में शामिल किया गया था।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सरकारी टेलिविजन के सीधे प्रसारण में दिखाया गया कि ऑनर गार्ड का निरीक्षण करने के बाद किम ने सेना और पार्टी के शीर्ष नेताओें के साथ किम द्वितीय-संग चौराहे पर चल रही परेड को देखा। किम काला सूट पहने हुए थे। शहर के बीचोंबीच से होकर गुजरती इस परेड में महिला सैनिक भी शामिल थीं। टीवी पर लाइव प्रसारण में एक पुरष ने वॉइसओवर में कहा, ‘आज की परेड हमारी शक्तिशाली सैन्य शक्ति को प्रदर्शित करने का मौका प्रदान करेगी।’
North Korea Missiles | AP Photo
यह परेड किम के दादा और उत्तर कोरिया के संस्थापक किम द्वितीय-संग की 105वीं जयंती के अवसर पर निकाली गई। इस दिन को उत्तर कोरिया में सूर्य दिवस के रूप में जाना जाता है। लेकिन इस परेड का उद्देश्य वॉशिंगटन को अलग-थलग पड़े और परमाणु क्षमता से संपन्न उत्तर कोरिया के सैन्य बल का स्पष्ट संदेश देना भी था। किम ने इस मौके पर रैली को संबोधित नहीं किया बल्कि उनके निकट सहयोगी चो रयोंग-हे ने एक चुनौतीपूर्ण भाषण दिया। उन्होंने भाषण में कहा कि प्योंगयांग किसी भी उकसावे पर प्रतिक्रिया देगा, फिर चाहे वह परमाणु संबंधी उकसावा हो या कोई और।
North Korea Birth Anniversary | AP Photo
चो ने कहा, ‘हम लोग आर-पार वाले किसी भी युद्ध का जवाब आर-पार के युद्ध से देने के लिए तैयार हैं और हम अपने तरीके से किसी भी परमाणु हमले का जवाब परमाणु हमले से देने को तैयार हैं।’ परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों के चलते प्योंगयांग संयुक्त राष्ट्र के कई प्रतिबंधों को झेल रहा है। इसकी महत्वाकांक्षा एक ऐसा रॉकेट बनाने की है, जो अमेरिकी मुख्य भूभाग तक आयुध पहुंचाने में सक्षम हो। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकल्प लिया है कि ऐसा नहीं होगा।