1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. PNB जल्‍द बुलाएगा निदेशक मंडल की बैठक, OBC व यूनाइटेड बैंक के विलय पर बोर्ड करेगा विचार

PNB जल्‍द बुलाएगा निदेशक मंडल की बैठक, OBC व यूनाइटेड बैंक के विलय पर बोर्ड करेगा विचार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 31, 2019 05:16 pm IST,  Updated : Aug 31, 2019 05:16 pm IST

कॉरपोरेशन बैंक ने भी कहा है कि विलय पर चर्चा के लिए निदेशक मंडल की बैठक बुलाई जाएगी।

Board to soon consider amalgamation with OBC, United Bank, says PNB- India TV Hindi
Board to soon consider amalgamation with OBC, United Bank, says PNB Image Source : BOARD TO SOON CONSIDER AM

नई दिल्‍ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने शनिवार को कहा कि ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स एवं युनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के बैंक में विलय पर चर्चा के लिए जल्द ही उसके निदेशक मंडल की बैठक होगी। पीएनबी ने शेयर बाजार को जानकारी दी है कि वित्त मंत्रालय से मिली सूचना के मुताबिक सरकार की वैकल्पिक व्यवस्था ने फैसला किया है कि पंजाब नेशनल बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और युनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया रिजर्व बैंक से सलाह-मशविरा के बाद विलय पर विचार कर सकते हैं।

पंजाब नेशनल बैंक ने कहा है कि बैंक की ओर से विलय पर विचार करने के लिए जल्द ही निदेशक मंडल की बैठक बुलाई जाएगी। इसी बीच कॉरपोरेशन बैंक ने भी कहा है कि विलय पर चर्चा के लिए निदेशक मंडल की बैठक बुलाई जाएगी। कॉरपोरेशन बैंक और आंध्रा बैंक का विलय यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में किया जाना है। कॉरपोरेशन बैंक ने शेयर बाजारों को जानकारी दी कि निश्चित अवधि के भीतर विलय पर चर्चा के लिए निदेशक मंडल की बैठक बुलाई जाएगी।

सरकार ने शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के दस बड़े बैंकों का विलय कर चार बैंक बनाने की घोषणा की है। इसके मुताबिक पीएनबी में ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और युनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया का, केनरा बैंक में सिंडिकेट बैंक का, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में आंध्रा बैंक और कॉरपोरेशन बैंक का एवं इंडियन बैंक में इलाहाबाद बैंक का विलय किया जाना है। विलय के बाद कुल सरकारी बैंकों की संख्या घटकर 12 रह जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा