1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अगले हफ्ते क्या होगी शेयर बाजार की दिशा, जानिये क्या है जानकारों की राय

अगले हफ्ते क्या होगी शेयर बाजार की दिशा, जानिये क्या है जानकारों की राय

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 29, 2021 12:16 pm IST,  Updated : Aug 29, 2021 12:26 pm IST

शुक्रवार को ही सेंसेक्स पहली बार 56,000 अंक के स्तर के पार बंद हुआ। इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तरों पर पहुंच गया।

कैसा रहेगा बाजार के...- India TV Hindi
कैसा रहेगा बाजार के लिये अगला हफ्ता Image Source : PTI
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह आर्थिक आंकड़ों, वाहन बिक्री के आंकड़ों तथा विदेशी बाजारों से मिलने वाले संकेतों से तय होगी। शेयर बाजार की दिशा को लेकर जानकारों ने यह अनुमान दिया है। बीता सप्ताह निवेशकों के लिये बेहतर रहा था। पूरे हफ्ते के लिये बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ और इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल बाजार मूल्य रिकॉर्ड स्तरों पर पहुंच गया। 
 
क्या है बाजार के जानकारों की राय
सैमको सिक्योरिटीज के एक नोट में कहा गया है, ‘‘बाजार आने वाले समय में आर्थिक कैलेंडर से प्रभावित हो सकता है। इसकी शुरुआत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के तिमाही आंकड़ों से होगी। उसके बाद वाहन बिक्री तथा विनिर्माण पीएमआई के आंकड़े आएंगे।’’ इसके अलावा बाजार की निगाह कोविड-19 के रुख तथा टीकाकरण की रफ्तार पर रहेगी। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध, ब्रोकिंग और वितरण प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘घरेलू मोर्चे पर तिमाही नतीजों का सीजन समाप्त हो चुका है। अब टीकाकरण काफी तेजी से चल रहा है। ऐसे में आर्थिक रिकवरी के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। हालांकि, पिछले 18 माह के दौरान बाजार के प्रदर्शन की वजह से मूल्यांकन के मोर्चे पर चिंता पैदा हुई है।’’ खेमका ने कहा कि दीर्घावधि के परिप्रेक्ष्य से बाजार का कुल रुख सकारात्मक है। अर्थव्यवस्था के खुलने, आर्थिक आंकड़ों में सुधार तथा टीकाकरण में तेजी से स्थिति सुधरी है। शेयर बाजारों की दिशा रुपये तथा ब्रेंट कच्चे तेल के रुख पर भी निर्भर करेगी। इसके अलावा बाजार जैक्सन होल आर्थिक सम्मेलन के नतीजों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दे सकता है।
 
कैसे रहे बीते हफ्ते के संकेत
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल ने कहा है कि केंद्रीय बैंक अभी ब्याज दरों को रिकॉर्ड निचले स्तर से बढ़ाने नहीं जा रहा है। इसके बाद शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। विश्लेषकों का कहना है कि निवेशक जैक्सन होल आर्थिक सम्मेलन में अमेरिकी केंद्रीय बैंक के प्रमुख के संबोधन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 795.40 अंक या 1.43 प्रतिशत के लाभ में रहा। पिछले कारोबारी सत्र यानि शुक्रवार को ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पहली बार 56,000 अंक के स्तर के पार बंद हुआ। इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2,43,73,800.36 करोड़ रुपये के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तरों पर पहुंच गया।
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा