1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. महिंद्रा मराजो ने लॉन्‍च के एक महीने के भीतर पार किया 10,000 बुकिंग का आंकड़ा, 19 नवंबर को लॉन्‍च होगी एक और नई SUV

महिंद्रा मराजो ने लॉन्‍च के एक महीने के भीतर पार किया 10,000 बुकिंग का आंकड़ा, 19 नवंबर को लॉन्‍च होगी एक और नई SUV

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 19, 2018 04:08 pm IST,  Updated : Oct 19, 2018 04:08 pm IST

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि उसने अपने मल्‍टी-पर्पज व्‍हीकल मराजो के लिए लॉन्‍च की तारीख से लगभग एक महीने में ही 10,000 से अधिक बुकिंग हासिल कर ली है।

mahindra marazzo- India TV Hindi
mahindra marazzo Image Source : MAHINDRA MARAZZO

नई दिल्‍ली। यूटीलिटी वान बनाने वाली प्रमुख कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि उसने अपने मल्‍टी-पर्पज व्‍हीकल मराजो के लिए लॉन्‍च की तारीख से लगभग एक महीने में ही 10,000 से अधिक बुकिंग हासिल कर ली है। कंपनी ने 3 सितंबर को मराजो को लॉन्‍च किया था और इसकी शुरुआती कीमत 9.99 लाख रुपए (एक्‍स-शोरूम) है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा के सेल्‍स एंड मार्केटिंग प्रमुख, ऑटोमोटिव सेक्‍टर, विजय नाकरा ने एक बयान में कहा कि एक महीने के भीतर मराजो के लिए मिली बुकिंग की संख्‍या को देखकर हम बहुत खुश हैं। यह संख्‍या दिखाती है कि मराजो ने किस प्रकार कम समय में अधिक लोकप्रियता हासिल कर ली है।

शार्क से प्रेरित महिंद्रा मराजो के लिए वेटिंग पीरियड दो महीने का चल रहा है। महिंद्रा डीलर्स को पूरा भरोसा है कि यह नई एमपीवी त्‍योहारी सीजन से पहले बाजार में उपलब्‍ध करा दी जाएगी। 

महिंद्रा मराजो के टॉप एम8 वेरिएंट के लिए वेटिंग पीरियड 4-5 सप्‍ताह का है, जबकि एम4 और एम6 वेरिएंट की डिमांड बहुत ज्‍यादा है, जिसके लिए वेटिंग पीरियड 8 सप्‍ताह का है। भारत में महिंद्रा मराजो 4 वेरिएंट में उपलब्‍ध होगी, जिसकी कीमत 9.99 लाख रुपए से शुरू होकर 13.90 लाख रुपए तक है। मराजो को कंपनी के इन-हाउस डिजाइन स्‍टूडियो और इटली के डिजाइन हाउस पिनइनफारिना ने डिजाइन किया है।

मराजो में बहुत अधिक स्‍टोरेज स्‍पेस है और यह 7 व 8 सीटर ऑप्‍शन में आती है। इसमें एक टचस्‍क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्‍टम है जो एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करता है और इसमें इन-बिल्‍ट नेवीगेशन भी है। महिंद्रा मराजो में 1.5 लीटर डीजल इंजन है जो 121 हॉर्स पावर की शक्ति और 300 एनएम का टॉर्क प्रदान करता है। कंपनी का दावा है कि इसका माइलेज 17 किलोमीटर प्रति लीटर है। सियाम के डाटा के मुताबिक अगस्‍त 2018 में महिंद्रा ने 1762 मराजो को डीलर के पास पहुंचाया है।

19 नवंबर को लॉन्‍च होगी Y400

महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने घोषणा की है कि वह अगले महीने अपनी लग्जरी स्पोर्ट्स यूटीलिटी व्हीकल (एसयूवी) Y400, जिसे  XUV 700 भी कहा जा रहा है, बाजार में उतारेगी। कंपनी ने कहा कि महाराष्ट्र के चाकन स्थित संयंत्र में निर्मित इस एसयूवी को 19 नवंबर 2018 को बाजार में उतारा जाएगा। यह नई एसयूवी सैंगयोंग जी4 रेक्‍स्‍टन पर आधारित है और यह एक 7सीटर वाहन होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा