1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. TCS, HDFC, एयरटेल, ICICI और Infosys के निवेशकों की हुई कमाई, इन 5 कंपनियों ने कराया नुकसान

TCS, HDFC, एयरटेल, ICICI और Infosys के निवेशकों की हुई कमाई, इन 5 कंपनियों ने कराया नुकसान

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Dec 15, 2024 12:15 pm IST,  Updated : Dec 15, 2024 12:15 pm IST

समीक्षाधीन सप्ताह में जहां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और इन्फोसिस के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई।

Sensex - India TV Hindi
सेंसेक्स Image Source : FILE

पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। शुक्रवार को अच्छी तेजी आने से निवेशकों के चेहरे खिले। आपको बता दें कि सेंसेक्स की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 5 के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 1,13,117.17 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ में भारती एयरटेल रही। समीक्षाधीन सप्ताह में जहां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और इन्फोसिस के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मूल्यांकन में गिरावट आई। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 623.07 अंक या 0.76 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 90.5 अंक या 0.36 प्रतिशत के लाभ में रहा।

एयरटेल का मार्केट कैप 47,836 करोड़ बढ़ा 

समीक्षाधीन सप्ताह में भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 47,836.6 करोड़ रुपये बढ़कर 9,57,842.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 31,826.97 करोड़ रुपये बढ़कर 8,30,387.10 करोड़ रुपये रही। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 11,887.78 करोड़ रुपये बढ़कर 14,31,158.06 करोड़ रुपये पर और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 11,760.8 करोड़ रुपये बढ़कर 9,49,306.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 9,805.02 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 16,18,587.63 करोड़ रुपये रहा। इस रुख के उलट रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 52,031.98 करोड़ रुपये घटकर 17,23,144.70 करोड़ रुपये रह गया। 

LIC की बाजार हैसियत घटी 

एलआईसी की बाजार हैसियत 32,067.73 करोड़ रुपये घटकर 5,89,869.29 करोड़ रुपये पर आ गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का मूल्यांकन 22,250.63 करोड़ रुपये घटकर 5,61,423.08 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 2,052.66 करोड़ रुपये घटकर 7,69,034.51 करोड़ रुपये पर आ गया। आईटीसी की बाजार हैसियत 1,376.19 करोड़ रुपये घटकर 5,88,195.82 करोड़ रुपये रह गई। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एसबीआई, एलआईसी, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा