1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पीएनबी घोटाले में जारी है CBI की पूछताछ, तीन अधिकारियों CBI की विशेष अदालत में होगी पेशी

पीएनबी घोटाले में जारी है CBI की पूछताछ, तीन अधिकारियों CBI की विशेष अदालत में होगी पेशी

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Feb 20, 2018 03:20 pm IST,  Updated : Feb 20, 2018 03:20 pm IST

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 11,300 करोड़ रुपए के घोटाले को लेकर मंगलवार को भी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों सहित 10 अधिकारियों से पूछताछ की।

CBI- India TV Hindi
CBI

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 11,300 करोड़ रुपए के घोटाले को लेकर मंगलवार को भी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों सहित 10 अधिकारियों से पूछताछ की। इनके अलावा नीरव मोदी की कंपनियों के चार कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, नीरव मोदी के दो मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) रवि गुप्ता और विपुल अंबानी सहित विदेश वित्त प्रभाग के अध्यक्ष सौरभ शर्मा और वित्त कार्यकारी अधिकारी सुभाष परब से भी मंगलवार को पूछताछ की गई।

उनसे सोमवार को भी आठ से भी अधिक घंटे तक पूछताछ की गई थी। सीबीआई मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत में बैंक की मुंबई स्थित ब्रैडी हाउस शाखा के तीन अधिकारियों को पेश करेगी। इन्हें सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।

बैंक की दूसरी सबसे बड़ी शाखा के मुख्य प्रबंधक बेचू बी तिवारी और उनके दो सहयोगियों फॉरेक्स विभाग के श्रेणी 2 के प्रबंधक यशवंत जोशी और निर्यात विभाग के श्रेणी 1 के अधिकारी प्रफुल्ल सावंत को भी सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।

सीबीआई ने रविवार और सोमवार को इस शाखा में छापेमारी की थी और इसके बाद सोमवार को शाखा सील कर दी गई थी। इससे पहले यहां से सीबीआई ने नीरव मोदी और उनके सहयोगी मेहुल चोकसी से जुड़े डिजिटल डेटा और बहीखातों सहित बैंक के कई दस्तावेज जब्त किए थे। सीबीआई ने नवी मुंबई, अंधेरी और डोंबिवली स्थित उनके आवासों पर भी सोमवार को छापेमारी की थी और कई अहम दस्तावेज बरामद किए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा