नई दिल्ली। माल एवं सेवाकर नेटवर्क (जीएसटीएन) ने बुधवार को कहा कि उसने जीएसटी हेल्पडेस्क के लिए एक नया टोलफ्री नंबर जारी किया है। इस नंबर पर साल के 365 दिन ऑनलाइन जीएसटी रिटर्न भरने से संबंधित सवालों का जवाब मिल सकेगा। जीएसटीएन ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा है कि उसने जीएसटी हेल्पडेस्क को और बेहतर बनाया है। हेल्पडेस्क में नई चीजों को जोड़ा गया है।
Related Stories
इस पूरी प्रणाली में करदाताओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसे अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है, जीएसटीएन ने नया जीएसटी हेल्पडेस्क टोलफ्री नंबर जारी किया है। यह नंबर 1800 103 4786 है। साल के 365 दिन प्रात: 9 बजे से लेकर सांय 9 बजे तक इस नंबर पर सवाल पूछे जा सकेंगे।
हेल्पडेस्क पर अब हिन्दी और अंग्रेजी के साथ ही दस नई स्थानीय भाषाओं में बात हो सकेगी। कुल मिलाकर बंगाली, मराठी, तेलुगू, तमिल, गुजराती, कन्नड़, ओडिया, मलयालम, पंजाब और असमी 12 भाषाओं में अब हेल्पडेस्क से मदद मिल सकेगी। जीएसटीएन ने इसके साथ ही यह भी कहा है कि नया टोलफ्री नंबर जारी करने के बाद जीएसटी हेल्पडेस्क का मौजूदा नंबर 0120- 24888999 बंद कर दिया गया है। जीएसटी हेल्पडेस्क को दैनिक औसतन 8,000 से लेकर 10,000 तक फोन कॉल आते हैं।