1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. तेल, गैस कीमतों में कमी के चलते ONGC का शुद्ध लाभ 67 फीसदी घटा

तेल, गैस कीमतों में कमी के चलते ONGC का शुद्ध लाभ 67 फीसदी घटा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 13, 2021 08:17 pm IST,  Updated : Feb 13, 2021 08:17 pm IST

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने शनिवार को कहा कि तेल और गैस की कीमतों में गिरावट के चलते चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 67 प्रतिशत घट गया।

तेल, गैस कीमतों में कमी के चलते ONGC का शुद्ध लाभ 67 फीसदी घटा- India TV Hindi
तेल, गैस कीमतों में कमी के चलते ONGC का शुद्ध लाभ 67 फीसदी घटा Image Source : FILE

नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने शनिवार को कहा कि तेल और गैस की कीमतों में गिरावट के चलते चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 67 फीसदी घट गया। कंपनी ने यहां एक बयान में कहा कि अक्टूबर-दिसंबर 2020 तिमाही में उसका एकल शुद्ध लाभ 1,378 करोड़ रुपए था, जो इससे पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 4,226 करोड़ रुपए के मुकाबले 67.4 फीसदी कम है। 

इस दौरान कंपनी को कच्चे तेल के लिए प्रत्येक बैरल 43.9 डॉलर की कीमत मिली, जबकि इससे एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 58.24 डॉलर प्रति बैरल था। इस तरह समीक्षाधीन अवधि में गैस की कीमत 3.23 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू से घटकर 1.79 प्रति एमएमबीटीयू रह गई। इस दौरान कंपनी की कुल आय 28 प्रतिशत घटकर 17,024 करोड़ रुपए रही। 

कंपनी बोर्ड ने शनिवार को हुई बैठक में 35 फीसदी का अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी, जो पांच रुपये अंकित मूल्य के इक्विटी शेयर पर प्रति शेयर 1.75 रुपए है। कंपनी ने एक बयान में बताया कि इस मद में कुल 2,201.55 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा बोर्ड ने गैस और एलएनजी व्यवसाय की मूल्य श्रृंखला पर ध्यान केंद्रित करने के लिए एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी के गठन को मंजूरी दी। ओएनजीसी ने कहा कि उसके बोर्ड ने रणनीतिक निवेश के रूप में इंडियन गैस एक्सचेंज लिमिटेड (आईजीएक्स) में पांच प्रतिशत इक्विटी के अधिग्रहण को भी मंजूरी दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा