गुजरात के सूरत में दर्दनाक हादसा, फुटपाथ पर सो रहे 15 मजदूरों को ट्रक ने रौंदा, पीएम मोदी ने जताया दुख
गुजरात के सूरत में दर्दनाक हादसा, फुटपाथ पर सो रहे 15 मजदूरों को ट्रक ने रौंदा, पीएम मोदी ने जताया दुख
IndiaTV Hindi Desk
Published : Jan 19, 2021 08:39 am IST, Updated : Jan 19, 2021 10:28 am IST
गुजरात के दूसरे सबसे बड़े शहर सूरत से एक दर्दभरी खबर आ रही है। यहां एक बेकाबू ट्रक ने 15 जिंदगियों को तबाह कर दिया।
Image Source : INDIA TVSurat Accident
गुजरात के दूसरे सबसे बड़े शहर सूरत से एक दर्दभरी खबर आ रही है। यहां एक बेकाबू ट्रक ने 15 जिंदगियों को तबाह कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात के प्रमुख व्यवसायिक शहर सूरत के कोसाम्बा इलाके में एक बेकाबू ट्रक सड़क से गुजर रहे लोगों पर काल बनकर टूटा। तेज स्पीड से आ रहे ट्रक से ये लोग खुद को अलग नहीं कर सके और यह ट्रक इन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। इस भीषण दुर्घटना में प्रधानमंत्री ने भी दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देेने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी मृतकों के निकट संबंधियों को 2 लाख रुपयंे की सहायता की घोषणा की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक छोटी बच्ची भी शामिल है। पुलिस के अनुसार मारे गए सभी 15 लोग पेशे से मजदूर हैं और ये सभी पड़ौसी राज्य राजस्थान से ताल्लुक रखते हैं। फिलहाल, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। साथ ही लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि गन्ने से भरा ट्रक बेहद तेज रफ्तार होने की वजह से बेकाबू हुआ और फिर सड़क किनारे सो रहे लोगों के लिए काल बन गया। पुलिस के मुताबिक सभी लोग राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ के रहने वाले थे।