1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारतीयों में बढ़ी अमेरिका के लिए दीवानगी, वीजा के लिए 3.3 करोड़ रुपए तक देने को तैयार

भारतीयों में बढ़ी अमेरिका के लिए दीवानगी, वीजा के लिए 3.3 करोड़ रुपए तक देने को तैयार

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : Jul 04, 2016 07:32 am IST,  Updated : Jul 04, 2016 08:02 am IST

अमेरिका जाने के लिए भारतीयों के बीच दीवानगी बढ़ती जा रही है। इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि लोग वीजा के लिए 3.3 करोड़ तक देने को तैयार हैं।

नई दिल्ली। अमेरिका जाने के लिए भारतीयों के बीच दीवानगी बढ़ती जा रही है। इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि लोग वीजा के लिए 3.3 करोड़ रुपए (5 लाख डॉलर) तक देने को तैयार हैं। भारत से अमेरिका में प्रवेश करने के विभिन्न तरीके हैं और उनमें से एक है ईबी-5 वीजा, जिसे एच1-बी वीजा के मुकाबले कम लोग जानते हैं। बहरहाल, देश के अमीर लोगों के बीच ईबी-5 वीजा के माध्यम से अमेरिका में एंट्री का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। यही वजह है कि करीब 1200 लोग 3.3 करोड़ रुपए (प्रति व्यक्ति) चुका कर अमेरिका का सपना पूरा करने को तैयार हैं।

ईबी-5 वीजा का तेजी से बढ़ा क्रेज

अमेरिका के पिछले वित्तीय वर्ष (1 अक्टूबर 2014- 30 सितंबर 2015) के दौरान सिर्फ 111 भारतीयों को ईबी-5 वीजा मिला था। लेकिन चालू वित्त वर्ष में (1 अक्टूबर- अभी तक) 1200 भारतीयों ने इस स्पेशल वीजा के लिए अप्लाई किया है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को 3.3 करोड़ रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं। ईबी-5 वीजा लेने के मामले में चीन सबसे ऊपर है। पिछले अमेरिकी वित्त वर्ष के दौरान 8156 ईबी-5 वीजा चीन के अमीरों लोगों को दी गई थी। यहां तक कि वियतनाम जैसे छोटे देश को अमेरिका से 280 ईबी-5 वीजा की मंजूरी मिली थी।

इन्वेस्टमेंट करो और अमेरिका में एंट्री पाव

अमेरिकी सरकार ने ईबी-5 वीजा डिजाइन किया है जिसके तहत विदेशी नागरिक अमेरिका में निवेश करके आसानी से तत्काल वीजा प्राप्त कर सकता है। अब तक कोई भी विदेशी नागरिक 5 लाख डॉलर निवेश करके तुरंत ईबी -5 वीजा प्राप्त कर सकता है। लेकिन 1 अक्टूबर 2016 से इस स्पेशल वीजा के लिए कम से कम 8 लाख डॉलर निवेश करना अनिवार्य होगा। इसलिए निवेश की बढ़ी हुई राशि लागू होने से पहले लोग बड़ी संख्या में वीजा के लिए अप्लाई कर रहे हैं। एक बार निवेश को मंजूरी मिलने पर, 15-20 महीने के अंदर ईबी-5 वीजा को मंजूरी मिल जाती है। इतना ही नहीं 5 साल के भीतर निवेशक को ग्रीन कार्ड की भी मंजूरी मिल सकती है और 5 साल के बाद वह अमेरिकी नागरिक बन सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा