Friday, January 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कोविड से लगा परिवारों की बचत को झटका, कर्ज में दर्ज हुई बढ़त

कोविड से लगा परिवारों की बचत को झटका, कर्ज में दर्ज हुई बढ़त

पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कुल पारिवारिक वित्तीय संपत्तियां तथा लघु बचत 6,93,001.8 करोड़ रुपये रही, वहीं कर्ज 2,48,418.7 करोड़ रुपये रहा है

Edited by: India TV Paisa Desk
Published : Jun 23, 2021 07:53 pm IST, Updated : Jun 23, 2021 07:53 pm IST
कोविड से घटी परिवारों...- India TV Paisa
Photo:PTI

कोविड से घटी परिवारों की बचत 

नई दिल्ली। पिछले साल कोविड-19 महामारी से परिवार की बचत पर नकारात्मक असर पड़ा है। बुधवार को जारी रिजर्व बैंक के आंकड़े के अनुसार परिवारिक वित्तीय बचत 2020-21 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में घटकर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 8.2 प्रतिशत पर आ गयी जो इससे पिछली तिमाही में 10.4 प्रतिशत थी। केंद्रीय बैंक ने एक विज्ञप्ति में कहा कि महामारी से प्रभावित जून तिमाही में बचत में वृद्धि दर्ज की गयी थी। लेकिन उसके बाद लगातार दो तिमाहियों में इसमें कमी आयी और वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही में यह जीडीपी का 8.2 प्रतिशत रही। 

क्यों आई बचत में गिरावट
रिजर्व बैंक के मुताबिक, ‘‘घरेलू वित्तीय संपत्ति के प्रवाह में भारी कमी के कारण बचत में नरमी आई है।" सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुपात में परिवार की बैंक जमा घटकर पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 3 प्रतिशत पर आ गयी जो इससे पूर्व जुलाई-सितंबर तिमाही में 7.7 प्रतिशत थी। 

कर्ज में आई बढ़त
आरबीआई ने यह भी कहा कि जीडीपी के अनुपात में परिवार का कर्ज मार्च 2019 के अंत से लगातार बढ़ा है। इसके अनुसार, ‘‘परिवार का कर्ज जीडीपी-अनुपात दिसंबर 2020 को समाप्त तिमाही में बढ़कर 37.9 प्रतिशत पहुंच गया जो सितंबर 2020 को समाप्त तिमाही में 37.1 प्रतिशत था।’’ बयान के अनुसार बैंकों तथा आवास वित्त कंपनियों से अधिक कर्ज के बावजूद परिवार की वित्तीय देनदारी तीसरी तिमाही में अपेक्षाकृत कम रही। इसका कारण गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों से कर्ज में कमी थी। 

क्या रहे आंकड़े
आंकड़े के अनुसार जमा, जीवन बीमा कोष, भविष्य निधि और पेंशन कोष, मुद्रा, म्यूचुअल फंड और शेयर में निवेश समेत वित्तीय संपत्तियां तथा लघु बचत पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 6,93,001.8 करोड़ रुपये रही जो इससे पूर्व दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर, 2020) में 7,46,821.4 करोड़ रुपये थी। वहीं वित्तीय देनदारी यानी कर्ज 2020-21 की तीसरी तिमाही में 2,48,418.7 करोड़ रुपये रहा जो इससे पूर्व तिमाही में यह 2,54,915.2 करोड़ रुपये था। 

यह भी पढ़ें- कोविड टीका अब सिर्फ सेहत के लिये नहीं जेब के लिये भी फायदेमंद, जानिये कहां मिल रहा है फायदा

यह भी पढ़ें- सिर्फ 15 दिन में यहां एक लाख बन गये 1.76 लाख रुपये, जानिये कहां मिला इतना फायदा

यह भी पढ़ें- इलेक्ट्रिक वाहनों पर 1.5 लाख रुपये तक सब्सिडी, गुजरात में इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2021 की घोषणा

 

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement