वेलिंग्टन। ऑस्ट्रेलिया की क्वांटास एयरलाइन ने कम से कम 6,000 नौकरियों की कटौती की योजना बनाई है। कोरोना वायरस महामारी की वजह से दुनियाभर की विमानन क्षेत्र की कंपनियों का परिचालन लगभग ठप है। ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी एयरलाइन भी इस महामारी की मार से प्रभावित हुई है। इसके अलावा क्वांटास ने अपने 15,000 कर्मचारियों का अवकाश और बढ़ाने का फैसला किया है।
Related Stories
क्वांटास ने गुरुवार को अपनी लागत में अरबों डॉलर की कटौती करने और नई पूंजी जुटाने की घोषणा की। इसके अलावा कंपनी का इरादा अपने 100 विमानों को एक साल या उससे अधिक समय तक खड़ा करने का है। कंपनी अपने छह शेष बोइंग 747 विमानों को भी तत्काल हटाने जा रही है।
एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन जॉयसी ने कहा कि पिछले कुछ साल से कम आमदनी की वजह से अब एयरलाइन काफी छोटी हो गई है। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों को अवकाश पर भेजा गया है उनके करियर में एक बड़ी बाधा आ गई है। उन्होंने कहा कि हम जो कदम उठा रहे हैं, उनसे हमारे हजारों लोग प्रभावित होंगे।