Sunday, March 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्रिएटिविटी बढ़ाने में मदद करेगा AI लेकिन जाएंगी लाखों नौकरियां, WEF की इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे

क्रिएटिविटी बढ़ाने में मदद करेगा AI लेकिन जाएंगी लाखों नौकरियां, WEF की इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे

Edited By: Alok Kumar @alocksone Published : Sep 18, 2023 05:33 pm IST, Updated : Sep 18, 2023 05:33 pm IST

इस अध्ययन में 867 विभिन्न पेशों से जुड़े ऐसे करीब 19,000 कार्यों का परीक्षण किया गया जो AI से प्रभावित हो सकते हैं। इससे पता चला कि वित्तीय सेवाओं और पूंजी बाजार के अलावा बीमा एवं पेंशन प्रबंधन उद्योग में जनरेटिव एआई का इस्तेमाल सबसे अधिक बढ़ने का अनुमान है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- India TV Paisa
Photo:FREEPIK आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्रिएटिविटी को बढ़ाने और भविष्य की नौकरियों के लिए रोजमर्रा के कामकाज निपटाने में बड़ा मददगार साबित होगा। हालांकि, एआई के चलते लाखों नौकरियों भी जाएंगी। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की सोमवार को जारी एक अध्ययन रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। डब्ल्यूईएफ ने एआई के भविष्य की नौकरियों पर पड़ने वाले प्रभाव के तौर-तरीकों का आकलन पेश किया है। डब्ल्यूईएफ ने इस श्वेत-पत्र में कहा कि कारोबार क्षेत्रों और सरकारों को श्रमबल पर पड़ने वाले एआई के प्रभाव को लेकर तैयारी करनी चाहिए और सक्रिय कदम उठाने चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक, बदलावों के लिए तैयार कार्यबल का गठन और नौकरियों के स्वरूप में बदलाव को सुविधाजनक बनाने वाली प्रणालियों को लागू करने जैसे बिंदुओं पर खास ध्यान देना होगा।

इस तरह की नौकरियों पर सबसे ज्यादा असर 

डब्ल्यूईएफ की रिपोर्ट कहती है कि रोजमर्रा के काम और बार-बार दोहराए जाने वाले भाषायी कामकाज से जुड़ी नौकरियों पर इस व्यवधान का सबसे अधिक जोखिम है। वहीं उच्चस्तर के निजी संपर्क या शारीरिक हलचल से जुड़ी नौकरियों पर इन बदलावों का असर सबसे कम होगा। श्वेत पत्र कहता है कि ‘विशाल भाषायी मॉडल’ (एलएलएम) उन नौकरियों के लिए वरदान हो सकते हैं जिनमें इंजीनियरिंग, गणित एवं वैज्ञानिक विश्लेषण सहित महत्वपूर्ण सोच-विचार, जटिल समस्याओं के समाधान से जुड़े कौशल और रचनात्मकता की जरूरत होती है। एलएलएम सीखने से जुड़ी गहन गणना-पद्धति है जो भाषा के प्रसंस्करण से जुड़े विभिन्न स्वाभाविक कार्यों को संपादित कर सकती है। एलएलएम में रूपांतरण मॉडल का इस्तेमाल किया जाता है और उन्हें बड़े पैमाने पर आंकड़ों के समूह के इस्तेमाल से प्रशिक्षित किया जाता है। डब्ल्यूईएफ ने कहा कि एलएलएम उपकरण किसी भी व्यवसाय से जुड़े नियमित कार्यों को अधिक उत्पादक बनाकर और उनकी भूमिकाओं को अधिक फायदेमंद बनाते हुए श्रमिकों के लिए लाभदायक साबित हो सकते हैं। 

867 विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों पर किया गया सर्वे 

इस अध्ययन में 867 विभिन्न पेशों से जुड़े ऐसे करीब 19,000 कार्यों का परीक्षण किया गया जो एलएलएम से प्रभावित हो सकते हैं। इससे पता चला कि वित्तीय सेवाओं और पूंजी बाजार के अलावा बीमा एवं पेंशन प्रबंधन उद्योग में जनरेटिव एआई का इस्तेमाल सबसे अधिक बढ़ने का अनुमान है। वहीं स्वचालन (ऑटोमेशन) से सबसे अधिक जोखिम नियमित एवं दोहराव वाले भाषायी कामकाज को है। इनमें कर्जों की स्वीकृति एवं जांच-परख से जुड़े क्रेडिट ऑथराइजर, चेकर और क्लर्क जैसी भूमिकाएं शामिल हैं। इसके उलट शिक्षा, मार्गदर्शन, करियर परामर्शदाता और सलाहकारों के 84 प्रतिशत कार्यों में परिवर्तन का जोखिम कम है। इसके पहले डब्ल्यूईएफ ने अपने एक अध्ययन में कहा था कि एआई से प्रेरित बदलावों की वजह से अगले पांच वर्षों में 23 प्रतिशत वैश्विक नौकरियां बदल जाएंगी। विश्व आर्थिक मंच की प्रबंध निदेशक सादिया जहिदी ने कहा, ‘‘जनरेटिव एआई श्रम बाजारों पर खासा प्रभाव डालने वाला है लेकिन यह असर विभिन्न क्षेत्रों की विभिन्न भूमिकाओं पर अलग-अलग होगा।’’ 

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement