1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मूडीज ने आठ कंपनियों और तीन बैंकों की रेटिंग घटाई

मूडीज ने आठ कंपनियों और तीन बैंकों की रेटिंग घटाई

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 02, 2020 07:07 pm IST,  Updated : Jun 02, 2020 07:10 pm IST

रिलायंस इंडस्ट्रीज की रेटिंग बरकरार लेकिन आउटलुक निगेटिव

Moody's rating- India TV Hindi
Moody's rating Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। भारत की रेटिंग को एक पायदान नीचे करने के एक दिन बाद मूडीज़ इन्वेस्टर्स सर्विस ने मंगलवार को इन्फोसिस, टीसीएस, ओएनजीसी सहित आठ गैर- वित्तीय कंपनियां और स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्जिम बैंक की रेटिंग भी घटा दी। रेटिंग एजेंसी ने इसके साथ ही एनटीपीसी, एनएचएआई, गेल और अदाणी ग्रीन एनर्जी सहित सात भारतीय इंफ्रा कंपनियों की रेटिंग भी एक पायदान नीचे कर दी है। आईआरएफसी और हुडको की ‘इश्युअर रेटिंग’ को भी घटा दिया गया है।

 

मूडीज का कहना है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण अर्थव्यवस्था में पैदा हुआ व्यवधान और भारत की सावरेन रेटिंग में की गई कमी ही मंगलवार को उठाये गये इन कदमों की मुख्य वजह हैं। मूडीज ने इससे पहले सोमवार को 22 साल में पहली बार भारत की साख को ‘बीएए2’ से घटाकर ‘बीएए3’ कर दिया। यह रेटिंग सबसे निचला निवेश स्तर हैं। इससे एक पायदान नीचे कबाड़ रेटिंग होती है। मूडीज ने कहा है, ‘‘ओएनजीसी, एचपीसीएल, आयल इंडिया लिमिटेड, इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड, बीपीसीएल, पेट्रोनेट एलएनजी, टीसीएस और इन्फोसिस-- इन सभी आठ गैर- वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों की दीर्घकालिक ‘इश्युअर रेटिंग’ को घटा दिया गया है। इन सभी रेटिंग के लिये परिदृश्य नकारात्मक है। ’’ रेटिंग एजेंसी ने हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की रेटिंग को बरकरार रखा है लेकिन उसके लिये परिदृश्य को स्थिर से बदलकर नकारात्मक कर दिया है।

बैंकों के मामले में मूडीज ने एचडीएफसी बैंक और स्टेट बैंक की दीर्घकालिक स्थानीय और विदेशी मुद्रा जमा रेटिंग को बीएए2 से घटाकर बीएए3 कर दिया। एक्जिम इंडिया की दीर्घकालिक जारीकर्ता रेटिंग को नकारात्मक परिदृश्य के साथ बीएए3 पर ला दिया गया है। इन बैंकों की जमा रेटिंग उसी स्तर पर रखी गई है जिस स्तर पर भारत की रेटिंग है। यह रेटिंग बीएए3 पर है। इसके साथ ही मूडीज ने एचडीएफसी बैंक की बेसलाइन क्रेडिट ऐससमेंट (बीसीए) को बीएए2 से घटाकर बीएए3 कर दिया। एजेंसी ने इंडसइंड के दीर्घकालिक स्थानीय और विदेशी मुद्रा जमा रेटिंग को नकारात्मक परिदृश्य के साथ घटा दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा