1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारी बिक्री से 48% बढ़ा Maruti Suzuki का मुनाफा, कंपनी देगी अपने इतिहास का सबसे बड़ा डिविडेंड

भारी बिक्री से 48% बढ़ा Maruti Suzuki का मुनाफा, कंपनी देगी अपने इतिहास का सबसे बड़ा डिविडेंड

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Apr 26, 2024 05:58 pm IST,  Updated : Apr 26, 2024 05:58 pm IST

Maruti Suzuki India Q4 Results : मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर 1.70 फीसदी या 219.05 रुपये की गिरावट के साथ 12,687.05 रुपये पर बंद हुआ है। इस शेयर का 52 वीक हाई 13,066.85 रुपये है।

मारुति सुजुकी रिजल्ट- India TV Hindi
मारुति सुजुकी रिजल्ट Image Source : FILE

Maruti Suzuki India Q4 Results : कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया का शुद्ध लाभ बीते वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में 47.8 फीसदी उछलकर 3,877.8 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से भारी बिक्री और अनुकूल कीमतों के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है। वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में ऑटो कंपनी का शुद्ध लाभ 2,623.6 करोड़ रुपये रहा था। मारुति सुजुकी ने शुक्रवार को कहा, “कंपनी ने बीते वित्त वर्ष में 20 लाख वाहन बेचे, जो अब तक का सर्वाधिक है। कंपनी लगातार तीसरे वर्ष टॉप एक्सपोर्टर बनी रही। अब भारत से होने वाले कुल यात्री वाहन निर्यात में इसका योगदान 41.8 फीसदी है।”

शेयरधारकों को मिलेगा डिविडेंड

मारुति सुजुकी इंडिया के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 के कलिए 125 रुपये प्रति शेयर के ईयर-एंड डिविडेंड की सिफारिश की है। यह मारुति के इतिहास का सबसे बड़ा डिविडेंड है। मारुति सुजुकी इंडिया ने 8 जुलाई 2004 से 20 बार डिविडेंड की घोषणा की है। बीते 12 महीनों में कंपनी ने 90 रुपये प्रति शेयर के इक्विटी डिविडेंड की घोषणा की है। मौजूदा शेयर प्राइस पर कंपनी का डिविडेंड यील्ड 0.71 फीसदी है। कंपनी ने साल 2023 में 90 रुपये और साल 2022 में 60 रुपये का डिविडेंड दिया था।

क्या है मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर का हाल

मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर गिरावट के साथ बंद हुआ। कंपनी का शेयर 1.70 फीसदी या 219.05 रुपये की गिरावट के साथ 12,687.05 रुपये पर बंद हुआ है। इस शेयर का 52 वीक हाई 13,066.85 रुपये है। वहीं, 52 वीक लो 8,470 रुपये है। बीएसई पर शुक्रवार को मारुति सुजुकी इंडिया का मार्केट कैप 3,98,884.12 करोड़ रुपये पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा