1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेट्रोल की कीमत रविवार को 82 रुपये के पार पहुंची, जानिये कहां सबसे महंगा हुआ तेल

पेट्रोल की कीमत रविवार को 82 रुपये के पार पहुंची, जानिये कहां सबसे महंगा हुआ तेल

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 30, 2020 03:18 pm IST,  Updated : Aug 30, 2020 05:43 pm IST

तेल मार्केटिंग कंपनियों ने रविवार को दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल के दाम में नौ पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है जबकि मुंबई में पेट्रोल का दाम 10 पैसे प्रति लीटर बढ़ गया है। फिलहाल चारों महानगर में पेट्रोल की कीमत 82 रुपये के स्तर से ऊपर हैं।

Petrol price today- India TV Hindi
Petrol price today Image Source : PTI

नई दिल्ली। पेट्रोल के दाम में रविवार को फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का दाम 82 रुपये प्रति लीटर से ऊपर चला गया है, वहीं चेन्नई में पेट्रोल 85 रुपये प्रति लीटर मिलने लगा है। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने रविवार को दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल के दाम में नौ पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है जबकि मुंबई में पेट्रोल का दाम 10 पैसे प्रति लीटर बढ़ गया है। बढ़त के बाद फिलहाल मुंबई में पेट्रोल सबसे ज्यादा महंगा मिल रहा है, इसकी कीमत 88.5 रुपये के पार पहुंच गई है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार पेट्रोल की कीमत बढ़कर दिल्ली में 82.03 रुपये, कोलकाता में 83.52 रुपये, मुंबई में 88.68 रुपये और चेन्नई में 85 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल की कीमत बिना किसी बदलाव के दिल्ली में 73.56 रुपये, कोलकाता में 77.06 रुपये, मुंबई में 80.11 रुपये और चेन्नई में 78.86 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है।

उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें साप्ताहिक आधार पर शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुईं, लेकिन कच्चे तेल में पूरे सप्ताह सीमित दायरे में कारोबार हुआ अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटर कांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर ब्रेंट क्रूड का नवंबर डिलीवरी अनुबंध पिछले सत्र के मुकाबले 0.59 फीसदी की तेजी के साथ 45.87 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ जबकि सप्ताह के दौरान ब्रेंट का भाव 46.10 डॉलर प्रति बैरल तक उछला। इससे पिछले सप्ताह ब्रेंट क्रूड का भाव 44.35 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। वहीं, अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई का अक्टूबर डिलीवरी वायदा अनुबंध 0.19 फीसदी की कमजोरी के साथ 42.96 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ जबकि सप्ताह के दौरान डब्ल्यूटीआई का भाव 43.78 डॉलर प्रति बैरल तक उछला जबकि इससे एक सप्ताह पहले डब्ल्यूटीआई 42.34 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था।

बता दें कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम पर निर्भर करती हैं क्योंकि भारत तेल की अपनी जरूरत का अधिकांश हिस्सा आयात करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा