Monday, February 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आठ प्रमुख शहरों में घरों के दाम हुए रॉकेट, जून तिमाही में इस शहर में सबसे ज्यादा 30% की बढ़ोतरी

आठ प्रमुख शहरों में घरों के दाम हुए रॉकेट, जून तिमाही में इस शहर में सबसे ज्यादा 30% की बढ़ोतरी

Edited By: Sourabha Suman @sourabhasuman Published : Aug 26, 2024 09:00 pm IST, Updated : Aug 26, 2024 09:00 pm IST

मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आवास कीमतें 19,111 रुपये प्रति वर्ग फुट से छह प्रतिशत बढ़कर 20,275 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं। पुणे में, आवासीय संपत्तियों की कीमतें अप्रैल-जून, 2024 में 13 प्रतिशत बढ़ीं। यह 9,656 रुपये प्रति वर्ग फुट रहीं।

पिछली कुछ तिमाहियों में रियल एस्टेट क्षेत्र में तेजी देखी गई है।- India TV Paisa
Photo:INDIA TV पिछली कुछ तिमाहियों में रियल एस्टेट क्षेत्र में तेजी देखी गई है।

घरों की कीमतों में बढ़ोतरी का रुझान जारी है। अप्रैल-जून तिमाही में देश के आठ प्रमुख शहरों में घरों की औसत कीमतों में सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में घरों के दाम सबसे ज्यादा 30 प्रतिशत बढ़े हैं। रियल्टी कंपनियों के निकाय क्रेडाई, संपत्ति सलाहकार कोलियर्स और डेटा विश्लेषण कंपनी लियासेस फोरास ने सोमवार को घरों की कीमतों की निगरानी करने वाली दूसरी तिमाही की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। भाषा की खबर के मुताबिक, सालाना आधार पर, जून तिमाही के आखिर में आठ प्रमुख शहरों में औसत आवास कीमतों में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि समीक्षाधीन आठ में से सात शहरों में सालाना मूल्यवृद्धि देखी गई, जिसमें दिल्ली-एनसीआर में साल दर साल सबसे अधिक 30 प्रतिशत की कीमत बढ़ोतरी हुई।

अहमदाबाद में कीमतें इतनी दर्ज की गई

खबर के मुताबिक, क्रेडाई के अध्यक्ष बोमन ईरानी ने कहा कि पिछली कुछ तिमाहियों में रियल एस्टेट क्षेत्र में तेजी देखी गई है, जिसकी पुष्टि शीर्ष आठ शहरों में लेनदेन की मात्रा के साथ-साथ आवास के प्रति प्रचलित पॉजिटिव सेंटीमेंट्स से होती है। आवास कीमतों पर इसका सीधा प्रभाव पड़ा है - यह न सिर्फ अंतर्निहित मांग को दर्शाता है, बल्कि एक पसंदीदा परिसंपत्ति वर्ग के रूप में रियल एस्टेट की ओर निश्चित बदलाव को भी दर्शाता है। आंकड़ों के मुताबिक, अहमदाबाद में आवास कीमतें अप्रैल-जून, 2024 में 13 प्रतिशत बढ़कर 7,335 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो एक साल पहले की समान अवधि में 6,507 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

दिल्ली-एनसीआर में औसत कीमत 11,279 रुपये प्रति वर्ग फुट

बेंगलुरू में यह 8,688 रुपये प्रति वर्ग फुट से 28 प्रतिशत बढ़कर 11,161 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गई। चेन्नई में कीमतें 7,690 रुपये प्रति वर्ग फुट पर स्थिर रहीं। दिल्ली-एनसीआर में कीमतों में अधिकतम 30 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। यह 8,652 रुपये प्रति वर्ग फुट से बढ़कर 11,279 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गई। हैदराबाद में आवास कीमतें 10,530 रुपये प्रति वर्ग फुट से सात प्रतिशत बढ़कर 11,290 रुपये प्रति वर्ग फुट पर पहुंच गई। कोलकाता में दरें 7,315 रुपये से छह प्रतिशत बढ़कर 7,745 रुपये प्रति वर्ग फुट पर पहुंच गईं। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आवास कीमतें 19,111 रुपये प्रति वर्ग फुट से छह प्रतिशत बढ़कर 20,275 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं।

भारत के शहरों में बिक्री में वृद्धि जारी

पुणे में, आवासीय संपत्तियों की कीमतें अप्रैल-जून, 2024 में 13 प्रतिशत बढ़ीं। यह 9,656 रुपये प्रति वर्ग फुट रहीं। एक साल पहले समान अवधि में यह आंकड़ा 8,540 रुपये प्रति वर्ग फुट था। लियासेस फोरास के प्रबंध निदेशक पंकज कपूर ने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद भारत के शहरों में बिक्री में वृद्धि जारी है। कोलियर्स इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बादल याग्निक ने कहा कि पिछली कुछ तिमाहियों में घरों की मांग लगातार अच्छी बनी हुई है। उनका कहना है कि यह पूरा साल आवास बाजार के लिए अच्छा रहने की उम्मीद है।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement