1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ट्रंप ने दी चीन के साथ व्यापार समझौते को खत्म करने की धमकी

ट्रंप ने दी चीन के साथ व्यापार समझौते को खत्म करने की धमकी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 22, 2020 05:18 pm IST,  Updated : Apr 22, 2020 05:18 pm IST

ट्रंप ने कहा कि अगर चीन ने समझौते का सम्मान नहीं किया तो वो समझौता ही खत्म कर देंगे

US President- India TV Hindi
US President Image Source :

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को चीन के साथ व्यापार समझौता तोड़ने की धमकी दी । उन्होंने कोरोना वायरस पर नयी जानकारियां देने के लिये होने वाले नियमित दैनिक व्हाइट हाउस संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि चीन ने समझौते के प्रावधानों का सम्मान नहीं किया तो वह उसके साथ हुए व्यापार समझौते को समाप्त कर देंगे। चीन के वुहान शहर से शुरू हुई कोरोना वायरस महामारी के कारण अमेरिका में अब तक करीब सवा आठ लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 45 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यह संक्रमण और इस वायरस के कारण होने वाली मौतों का दुनिया का सर्वाधिक आंकड़ा है। वहीं चीन में इससे 82,788 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4,632 लोगों की मौत हुई है।

चीन और अमेरिका ने इस साल जनवरी में दो साल से अधिक समय से जारी शुल्क युद्ध को समाप्त करते हुए व्यापार समझौते के पहले चरण पर हस्ताक्षर किये थे। इस समझौते के पहले चरण के तहत चीन को अमेरिका से 200 अरब डॉलर के सामानों की खरीद करने की बाध्यता है। इसके योजना के हिसाब से आगे चलते रहने के अनुमान हैं। हालांकि अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग ने एक रिपोर्ट में कहा है कि चीन प्राकृतिक आपदा अथवा किसी अन्य आकस्मिक घटना की स्थिति में व्यापार समझौते में एक नया प्रावधान जोड़ सकता है, जिससे दोनों देशों के बीच नये सिरे से बातचीत की जरूरत पड़ सकती है। ट्रंप ने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो हम समझौते को समाप्त कर देंगे और हम यह किसी भी अन्य की तुलना में बेहतर तरीके से करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा