1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्यों डूबा क्रेडिट सुइस, चेयरमैन ने किया खुलासा- बैंक के पास थे ये दो विकल्प

क्यों डूबा क्रेडिट सुइस, चेयरमैन ने किया खुलासा- बैंक के पास थे ये दो विकल्प

 Published : Apr 04, 2023 05:32 pm IST,  Updated : Apr 04, 2023 05:34 pm IST

लेहमन ने संस्थान की विफलताओं के लिए मंगलवार को शेयरधारकों से माफी मांगी और कहा कि इसके चलते पहुंचे आघात और उनके रोष को वह समझते हैं।

Credit Suisse chairman admits failure - India TV Hindi
Credit Suisse chairman admits failure Image Source : AP

आर्थिक संकट में फंसे दुनिया के सबसे बड़े बैंकों में से एक क्रेडिट सुइस को बीते महीने स्विटजरलैंड के यूबीएस बैंक ने कौड़ियों के दाम पर खरीद लिया। क्रेडिट सुइस तो बिक गया, लेकिन यह सौदा इसके निवेशकों के लिए घाटे का सौदा रहा। क्रेडिट सुइस के शेयर निवेशकों को तो नुकसान कुछ कम रहा, लेकिन बैंक के एटी1 बॉण्ड में पैसा लगाने वाले निवेशकों के हाथ एक फूटी कौड़ी भी नहीं आई। अब बैंक की बिक्री के कई सप्ताह के बाद स्विट्जरलैंड के बैंक क्रेडिट सुइस के चेयरमैन एक्सेल लेहमन का माफीनामा सामने आया है। 

लेहमन ने संस्थान की विफलताओं के लिए मंगलवार को शेयरधारकों से माफी मांगी और कहा कि इसके चलते पहुंचे आघात और उनके रोष को वह समझते हैं। गौरतलब है कि सरकारी प्रयासों के बाद यूबीएस इस संकटग्रस्त बैंक का अधिग्रहण कर रहा है। लेहमन 2021 में यूबीएस से ही क्रेडिट सुइस में आए थे। यहां शीर्ष पद की जिम्मेदारी उन्होंने पिछले वर्ष संभाली थी। 

लेहमन के पास थे ये दो विकल्प

उन्होंने कहा कि अक्टूबर में ग्राहकों ने बैंक से बड़े पैमाने पर अपने जमा को निकाला और परिणामस्वरूप बैंक को बचाया नहीं जा सका। क्रेडिट सुइस के चेयरमैन ने कहा कि इसके बाद बैंक के पास दो ही विकल्प बचे थे- या तो सौदा कर लेते या दिवालिया हो जाते। उन्होंने कहा, ‘‘बीते कुछ हफ्तों में जो घटनाक्रम हुए उनकी वजह से लोगों को जिस निराशा, गुस्से और तकलीफ का सामना करना पड़ा उसे मैं अच्छी तरह से महसूस कर सकता हूं।’’ 

बैंक के शेयरधारकों की संभवत: अंतिम बैठक में लेहमन ने कहा, ‘‘वर्षों से बने भरोसे को कायम नहीं रख पाने और आपको निराश करने के लिए मैं माफी चाहता हूं।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा