Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Aye Finance IPO: शेयर बाजार में लिस्ट हुआ आय फाइनेंस, जानें निवेशकों को लिस्टिंग गेन मिला या नहीं?

Aye Finance IPO: शेयर बाजार में लिस्ट हुआ आय फाइनेंस, जानें निवेशकों को लिस्टिंग गेन मिला या नहीं?

Edited By: Sunil Chaurasia Published : Feb 16, 2026 02:50 pm IST, Updated : Feb 16, 2026 02:50 pm IST

आय फाइनेंस का आईपीओ पिछले हफ्ते 9 फरवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 11 फरवरी को बंद हो गया था।

Aye Finance, Aye Finance ipo, ipo, Aye Finance ipo opening date, Aye Finance ipo closing date, Aye F- India TV Paisa
Photo:NSE 9 फरवरी को खुला था आय फाइनेंस का आईपीओ

Aye Finance IPO: नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी आय फाइनेंस आज घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट हो गई। आय फाइनेंस ने लिस्टिंग के मौके पर निवेशकों को लिस्टिंग गेन तो नहीं दिलाया, लेकिन इसने निवेशकों को नुकसान भी नहीं पहुंचाया। कंपनी के शेयर आज अपने इश्यू प्राइस 129 रुपये के भाव पर ही बाजार में लिस्ट हुए। आय फाइनेंस के शेयर सोमवार को बीएसई और एनएसई, दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर 129 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ही लिस्ट हुए। हालांकि, लिस्टिंग के बाद एनएसई पर ये 3.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 124.91 रुपये के भाव पर पहुंच गया। लिस्टिंग होने पर एनएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 3079.87 करोड़ रुपये रहा।

9 फरवरी को खुला था आय फाइनेंस का आईपीओ

आय फाइनेंस का आईपीओ पिछले हफ्ते 9 फरवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 11 फरवरी को बंद हो गया था। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का आईपीओ 3 दिन बाद भी पूरी तरह से सब्सक्राइब नहीं हो पाया। आय फाइनेंस के आईपीओ को कुल 0.97 गुना ही सब्सक्रिप्शन मिला था। हालांकि, पहले और दूसरे दिन की तुलना में, कंपनी के आईपीओ को तीसरे दिन ठीक-ठाक सब्सक्रिप्शन प्राप्त हो गया था। आपको जानकार हैरानी होगी कि इस आईपीओ को पहले दिन सिर्फ 0.12 गुना यानी 12 प्रतिशत ही सब्सक्रिप्शन मिला है। 

कंपनी ने आईपीओ से जुटाए थे 1010 करोड़ रुपये

कंपनी ने अपने आईपीओ से 1010 करोड़ रुपये जुटाए हैं। 1010 करोड़ रुपये जुटाने के लिए कंपनी ने 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले कुल 7,82,94,572 शेयर जारी किए हैं। आय फाइनेंस ने अपने आईपीओ के लिए प्रत्येक शेयर के लिए 122 से 129 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था और 129 रुपये के फाइनल प्राइस पर शेयर इश्यू किए थे। आय फाइनेंस के आईपीओ के तहत 710 करोड़ रुपये के 5,50,38,759 फ्रेश शेयर और 300 करोड़ रुपये के 2,32,55,813 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए गए थे।

12 फरवरी को अलॉट किए गए थे शेयर 

11 फरवरी को आईपीओ बंद होने के बाद 12 फरवरी को शेयरों का अलॉटमेंट कर दिया गया था। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उन्हें 13 फरवरी को रिफंड कर दिया गया। 13 फरवरी को ही निवेशकों के डीमैट खाते में शेयर क्रेडिट कर दिए गए थे। आईपीओ खुलने से पहले, कंपनी ने एंकर इंवेस्टर्स से 454.5 करोड़ रुपये जुटाए थे। 

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement