रोहतास: बिहार विधानसभा चुनाव 6 और 11 नवंबर 2025 को होगा और 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। दिनारा विधानसभा सीट पर भी राजनीतिक गतिविधियां जारी है। दिनारा बिहार राज्य के रोहतास जिले के अंतर्गत आता है। इस साल इस सीट पर चुनावी मुकाबला काफी कड़ा देखने को मिल सकता है। दिनारा सीट पर इस समय आरजेडी का कब्जा है। जबकि दूसरे नंबर पर एलजेपी थी। इस पर भी दोनों दलों के बीच रोचक मुकाबला हो सकता है।
दिनारा के बारे में जानें
दिनारा निर्वाचन क्षेत्र गंगा के मैदानी इलाके का हिस्सा है। दिनारा की आबादी मुख्यतः ग्रामीण है, जिसमें ओबीसी (यादव, कुर्मी), दलित और उच्च जाति के समुदाय शामिल हैं। यहां के अधिकांश लोग जीविका के लिए कृषि पर निर्भर हैं। प्राचीनकाल में दिनारा मगध, मौर्य, गुप्त और पाल साम्राज्यों का हिस्सा रहा है। यहां का मुख्य मुद्दा शिक्षा और स्वास्थ्य और विकास का है।
दिनारा का चुनावी इतिहास
दिनारा विधानसभा क्षेत्र की स्थापना 1951 में हुई थी और अब तक हुए 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। इस सीट पर कांग्रेस ने पांच बार, जेडीयू ने चार बार, समाजवादी दलों (प्रजा सोशलिस्ट पार्टी और संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी) ने तीन बार और जनता दल ने दो बार जीत हासिल की है। जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आरजेडी ने एक-एक बार यह सीट जीती है। साल 2020 में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विजय कुमार मंडल ने लोक जन शक्ति पार्टी के राजेंद्र प्रसाद सिंह को 8228 मतों के अंतर से हराकर यह सीट जीती थी। दिनारा उन 25 सीटों में से एक थी जहां लोजपा ने जेडीयू की संभावनाओं को काफी नुकसान पहुंचाया था।
साल 2015 और 2010 और 2005 में यहां से जेडीयू को जीत मिली थी। 2000 में भी यहां से जेडीयू को जीत हासिल हुई थी। 1990 और 1995 में यहां से जनता दल को जीत मिली थी। 1985 और 1980 में यहां पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।