1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election: आम आदमी पार्टी ने छोड़ा कांग्रेस, आरजेडी का साथ, बिहार चुनाव में नहीं होगा कोई गठबंधन

Bihar Election: आम आदमी पार्टी ने छोड़ा कांग्रेस, आरजेडी का साथ, बिहार चुनाव में नहीं होगा कोई गठबंधन

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 02, 2025 11:16 am IST,  Updated : Jun 02, 2025 11:16 am IST

आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में वह किसी पार्टी का हिस्सा नहीं होगी। आम आदमी पार्टी अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

AAP leaders Arvind Kejriwal and Bhagwant mann- India TV Hindi
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बनाया गया विपक्षी दलों का INDIA गठबंधन अंतिम सांसें ले रहा है। अधिकतर पार्टियां गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने पर ध्यान दे रही हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025  से पहले आम आदमी पार्टी ने भी गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दिल्ली चुनाव में भी आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया था और पार्टी सत्ता से बाहर हो गई। इसके बाद आप ने सभी राज्यों को दो हिस्सों में बांटा है। पहले हिस्से में वो राज्य हैं, जहां राष्ट्रीय नेतृत्व की तरफ से ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। यहां चुनाव प्रचार से लेकर अन्य सभी अहम फैसले अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे नेता लेंगे। वहीं, दूसरे हिस्से में अन्य राज्य हैं, जहां स्थानीय नेतृत्व को अपने फैसले लेने की छूट है।

अनुराग ढांडा ने किया खुलासा

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनुराग ढांडा ने इकोनॉमिक टाइम्स से बातचीत में कहा कि आम आदमी पार्टी किसी गठबंधन में नहीं है। पार्टी के पास अपनी ताकत है और वह उसी के भरोसे आगे बढ़ रही है। इंडिया गठबंधन पर उन्होंने कहा कि वह गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए किया गया था। अब आम आदमी पार्टी किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। फिलहाल आप सभी राज्यों में अपना संगठन मजबूत करने पर काम कर रही है।

सभी राज्यों को दो हिस्सों में बांटा

आम आदमी पार्टी ने सभी राज्यों को दो हिस्सों में बांटा है। पहले ग्रुप में वो राज्य हैं, जहां राष्ट्रीय नेतृत्व ज्यादा ध्यान देगा। इन राज्यों में पहले से पार्टी की पकड़ अच्छी है और इसे बेहतर करनी की कोशिश की जा रही है। इनमें पंजाब सबसे अहम है, जहां आप सत्ता में है। इसके अलावा गुजरात, असम, दिल्ली, गोवा उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश इस कैटेगरी में शामिल हैं। इन राज्यों में अहम फैसले लेने से लेकर चुनाव प्रचार तक की जिम्मेदारी अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे नेता संभालेंगे। वहीं, दूसरी कैटेगरी में वो राज्य हैं, जहां पार्टी की स्थिति ज्यादा मजबूत नहीं है। यहां स्थानीय नेतृत्व के पास फैसले लेने की छूट है।

बिहार में सात चरण की यात्रा

बिहार में आम आदमी पार्टी सात चरण की यात्रा निकाल रही है। अनुराग ढांडा ने कहा "आप अपने दम पर बिहार में चुनाव लड़ेगी। हम बूथ स्तर पर पार्टी का संगठन मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं। लोगों से जुड़ने के लिए सात चरण की यात्रा निकाली जा रही है। सीमांचसल क्षेत्र के जरिए हम तीसरे चरण में पहुंच गए हैं। पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।