Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। राज्य की 243 सीटों में से कुछ ऐसी सीटें हैं जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। ऐसी ही एक विधानसभा सीट है फुलवारी, जहां पहले चरण में 6 नवंबर को वोटिंग होगी। इस सीट से जेडीयू के श्याम रजक मैदान में हैं। वहीं सीपीआई (ML) लिबरेशन के उम्मीदवार महागठबंधन की ओर से ताल ठोंक रहे हैं जबकि बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रही प्रशांत किशोर की नई नवेली पार्टी जन सुराज के टिकट पर शशिकांत प्रसाद चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। फुलवारी का मुकाबला इसलिए दिलचस्प है कि श्याम रजक इस सीट से 6 बार चुनाव जीत चुके हैं। वे सातवीं बार इस सीट को जीतने की पूरी कोशिश करेंगे जबकि महागठबंधन की ओर से गोपाल रविदास इस सीट से मौजूदा विधायक हैं और उनकी पूरी कोशिश होगी कि वे अपनी इस सीट को बरकरार रखें। वहीं प्रशांत किशोर की पार्टी इस चुनाव को एक दिलचस्प मोड़ देने के लिए आतुर है।
श्याम रजक 6 बार जीत चुके हैं चुनाव
फुलवारी विधानसभा सीट की बात करें तो श्याम रजक का जिक्र किए बिना इस सीट का इतिहास अधूरा है। चूंकि यह विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, इसलिए दलित वोटर यहां की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। श्याम रजक 6 बार यहां से विधायक चुने गए हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
2020 के चुनाव परिणाम
2020 के विधानसभा चुनाव में यह सीट सीपीआई माले लिबरेशन के खाते में चली गई। सीपीआई माले लिबरेशन के उम्मीदवार गोपाल रविदास ने जेडीयू के सीनियर नेता अरुण मांझी को बड़े अंतर से हरा दिया। गोपाल रविदास को 91,124 वोट मिले जबकि अरुण मांझी को 77,267 वोट मिले।
2015 विधानसभा चुनाव के परिणाम
2015 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर श्याम रजक ने जीत हासिल की थी। श्याम रजक को कुल 94,094 वोट हासिल हुए थे। उस वक्त जेडीयू और आरजेडी ने मिलकर चुनाव लड़ा था। एनडीए की ओर से यह सीट हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को मिली थी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राजेश्वर मांझी को 48,381 वोट मिले थे।
बिहार में कब होगी वोटिंग?
बिहार चुनावों के तहत इस बार 2 चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 6 नवंबर को है, जिसमें फुलवारी सीट भी शामिल है, जबकि दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। फुलवारी विधानसभा सीट पर बाजी कौन मारेगा, इसका फैसला 14 नवंबर को ही सामने आएगा।