Sandesh Assembly Constituency: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं की बयानबाजी तेज है। सभी पार्टी के नेताओं ने जनसभाएं शुरू कर दी हैं। बिहार की संदेश विधानसभा सीट काफी खास है। भोजपुर जिले की संदेश विधानसभा सीट एक बार फिर रणनीतिक महत्व की वजह से चर्चा में है। ये सीट आरा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।
ग्रामीण इलाके में बसी है ये सीट
संदेश विधानसभा क्षेत्र सामान्य श्रेणी की सीट है। संदेश विधानसभा भोजपुर जिले के ग्रामीण इलाके में बसी है, जो कोइलवर, उदवंत नगर और संदेश सामुदायिक विकास खंड को कवर करती है। इसमें साकद्दी, जोक्ता, कुलहरिया, जलपुरा, धंधीहा, गोपालपुर, भदवार, खंगांव, नरबीरपुर, कोइलवर नगर पंचायत जैसी ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
इस सीट पर यादव वोटर की मजबूत पकड़
संदेश विधानसभा सीट पर यादव समुदाय की मजबूत पकड़ है, जो कि (करीब 20-25% वोट) है। यादव समुदाय आरजेडी का कोर वोट बैंक है। मुस्लिम मतदाता (15-18%) महागठबंधन को समर्थन देते हैं। भूमिहार और अन्य ऊपरी जातियां (15%) भाजपा की ओर रुझान रखती हैं, वहीं दलित वोट (16%) बिखरे हुए हैं।
पिछले 2 बार से RJD ने दर्ज की जीत
पिछले तीन बार के विधानसभा चुनावों में 2 बार आरजेडी और एक भाजपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से आरजेडी की उम्मीदवार किरण यादव को 79,599 वोट मिले थे। आरजेडी की किरण यादव ने जेडीयू के विजेंद्र यादव को हराया था।
RJD के उम्मीदवार ने बीजेपी के संजय टाइगर को हराया
2015 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी के उम्मीदवार अरुण यादव ने जीत दर्ज की थी। आरजेडी के उम्मीदवार अरुण यादव को 74306 वोट मिले थे। अरुण यादव ने भाजपा के उम्मीदवार संजय टाइगर को हराया था।
2010 में भाजपा उम्मीदवार की हुई जीत
2010 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ने संदेश विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। संजय टाइगर को 29,988 वोट मिले थे। बीजेपी उम्मीदवार ने निर्दलीय उम्मीदवार अरुण यादव को हराया था।