1. Hindi News
  2. बिहार
  3. स्कूल के शौचालय में गंभीर रूप से जली हुई मिली छात्रा, पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन...

स्कूल के शौचालय में गंभीर रूप से जली हुई मिली छात्रा, पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन...

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Aug 27, 2025 08:16 pm IST,  Updated : Aug 27, 2025 11:47 pm IST

बिहार की राजधानी पटना में एक स्कूल के शौचालय में छात्रा गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिली थी। छात्रा को जल्दी से अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसने वहां दम तोड़ दिया।

Bihar Crime patna- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना से बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल के शौचालय में 12 वर्ष की छात्रा बुरी तरह से जली हुई अवस्था में पाई गई। यह पूरी घटना बुधवार को सामने आई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, छात्रा को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये घटना राजधानी पटना के गर्दनी बाग इलाके से सामने आई है। यहां गर्ल्स मिडिल स्कूल के शौचालय में 5वीं कक्षा की एक छात्रा गंभीर रूप से जली हुई हालत में बेहोश मिली थी। पुलिस ने बताया- ‘‘पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लड़की को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि लड़की गंभीर रूप से कैसे जल गई और वह शौचालय कैसे पहुंची। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।’’

बच्ची के परिजनों ने किया हंगामा

पटना की पुलिस अधीक्षक (मध्य) ने इस घटना को लेकर बताया है कि बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार के सदस्य स्कूल में पहुंचे थे। उन्होंने वहां हंगामा किया और कुछ पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया। हालांकि, पुलिस द्वारा जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। पुलिस ने मृतक बच्ची की पहचान उजागर नहीं की है।

इधर बेगूसराय में बड़ी वारदात

दूसरी ओर बिहार के बेगूसराय जिले में भी हैरान कर देने वाली घटना घटी है। यहां नावकोठी थाना क्षेत्र में तीज व्रत की पूजा कर रही दो महिलाओं पर एक बेखौफ बदमाश ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- मंदिर में पूजा कर रहीं दो महिलाओं पर धारदार चाकू से हमला, रेत दिया गला; मचा हड़कंप

VIDEO: नालंदा में मंत्री श्रवण कुमार और विधायक को ग्रामीणों ने लाठी-डंडा लेकर घेरा, जान बचाकर भागे दोनों नेता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।