बिहार के कटिहार से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है। कोढ़ा प्रखंड के मधुरा पंचायत स्थित उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने का घृणित मामला प्रकाश में आया है। यहां एक शिक्षक ने अपनी ही छात्रा के साथ ऐसी 'गंदी हरकत' की, कि इलाके के लोगों का खून खौल उठा। गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षक को स्कूल परिसर में ही शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी।
शिक्षक पर क्या है आरोप?
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय के शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार राम अपनी मर्यादा भूलकर एक छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। जैसे ही इस बात की भनक स्थानीय ग्रामीणों को लगी, उनका सब्र का बांध टूट गया। फिर क्या था? आक्रोशित भीड़ ने स्कूल परिसर को ही 'अदालत' बना दिया और आरोपी शिक्षक की जमकर 'खातिरदारी' कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षक को बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मौके की नजाकत को देखते हुए कोलाशी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों के चंगुल से शिक्षक को छुड़ाकर मामले को शांत कराया।
अस्पताल में भर्ती हुए घायल गुरुजी
पिटाई के कारण गंभीर रूप से घायल शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार राम को तत्काल कोढ़ा PHC (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया गया है, जहाँ फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और स्कूल में तनाव का माहौल बना हुआ है।
शिक्षा विभाग का रुख: बख्शे नहीं जाएंगे दोषी
इस शर्मनाक करतूत पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BDO) प्रियंका कुमारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बताया- "हमें ग्रामीणों के माध्यम से इस घटना की मौखिक सूचना मिली है। हालांकि अभी आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन मामला बेहद गंभीर है। अगर शिक्षक पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं, तो उन पर कठोरतम कार्रवाई (Strict Action) की जाएगी। शिक्षा के मंदिर में ऐसी गंदगी बर्दाश्त नहीं होगी।" (रिपोर्ट: निरंजन कुमार)