1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: पहले युवक के साथ खाना खाया, फिर एक दर्जन से ज्यादा गोलियों से छलनी कर दिया उसका शरीर, मौके पर मौत

बिहार: पहले युवक के साथ खाना खाया, फिर एक दर्जन से ज्यादा गोलियों से छलनी कर दिया उसका शरीर, मौके पर मौत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Dec 23, 2024 05:56 pm IST,  Updated : Dec 23, 2024 05:56 pm IST

बिहारा के आरा में एक युवक की एक दर्जन से ज्यादा गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

Arrah - India TV Hindi
आरा सदर-2 एसडीपीओ रंजीत सिंह का सामने आया बयान Image Source : INDIA TV

आरा: बिहार के आरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने युवक को एक दर्जन से ज्यादा गोलियां मारी हैं, जिसमें युवक की मौत हो गई। मामला देर रात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के उदयभानपुर गांव का है। युवक की पहचान उदयभानपुर गांव निवासी विजय शंकर सिंह के रूप में की गई है। युवक की उम्र 32 साल के आसपास थी।

क्या है पूरा मामला? 

बिहार के आरा में पूर्व के विवाद को लेकर हथियार बंद बदमाशों ने देर रात घर में घुसकर एक युवक को एक दर्जन से ज्यादा गोली मारीं, जिसमें युवक की मौत हो गई। इस खुनी वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावरों ने युवक को झांसे में रखा और उसके साथ घर में खाना खाया।

इसके बाद जब सोने का वक्त हुआ तो साथियों को बुलाकर युवक के शरीर में 15 गोलियां दाग दीं। इससे युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने आरा-सरैया मुख्य मार्ग पर आगजनी भी की और घंटों सड़क को जाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि पुलिस इस घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे।

मृतक की पहचान विजय शंकर सिंह के रूप में हुई है। मृत युवक पर पहले भी दो बार जानलेवा हमला हुआ था। जानकारी के अनुसार, तीन साल पहले भी बदमाशों ने युवक पर हमला किया था। उस वक्त युवक को करीब तीन गोली मारी गईं थीं। हालांकि वह बच गया था।

इस बार पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से पांच गोली डॉक्टर को मिल गई हैं। वहीं एक्सरे के दौरान उसके शरीर में 15 गोली के निशान पाए गए हैं। 

कहां-कहां लगी गोली?

युवक के सिर में 3, गर्दन में 1, दाहिने हाथ में 2, बाएं हाथ में 2, छाती में 3 और कमर में 1 गोली लगी है। कई गोलियां शरीर के आर-पार हो गई हैं। घटनास्थल से एक पिस्टल एवं खोखा को बरामद किया गया है।

इस पूरे मामले में मृतक के भाई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि विजय के साथ पहले से एक आदमी था। बाद में और लोग आए। वे सोए थे, लेकिन गोली की आवाज आई तो देखने चले गए। वे गए तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग वहां थे। उन्होंने बताया कि ये वही लोग थे जो पहले भी उनके भाई पर दो बार जानलेवा हमला कर चुके थे। हालांकि पूर्व की रंजिश क्या थी और इस घटना को अंजाम किस कारण से दिया गया है, यह अभी पता नहीं चला है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। 

आरा सदर-2 एसडीपीओ रंजीत सिंह ने कही ये बात

घटनास्थल पर जांच-पड़ताल के बाद आरा सदर-2 एसडीपीओ रंजीत सिंह ने बताया कि पूर्व की रंजिश को लेकर हत्या की गई है। मृतक पर पहले भी जानलेवा हमला किया गया था और उसके अभियुक्त के द्वारा इन पर सुलह समझौता का दबाव बनाया जा रहा है। जैसाकि मृतक के परिजनों का कहना है, उसी सुलह समझौता नहीं करने को लेकर उस अभियुक्त पक्ष के लोगों के द्वारा हत्या की गई है।

फिलहाल मृतक के परिजनों के द्वारा थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी। फिलहाल पुलिस इस कांड में शामिल बदमाशों की पहचान भी कर चुकी है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी भी कर रही है। मौका ए वारदात से पुलिस को एक पिस्तौल, मोबाइल फोन, जैकेट और गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। एफएसएल की टीम भी जांच-पड़ताल कर रही है। जल्द ही पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा भी कर देगी और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के अंदर भी डालेगी। (इनपुट: आरा से मनीष सिंह)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।