बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को लोगों ने हिंसक प्रदर्शन किया है। दरअसल बीते 15 अगस्त को पटना के इंद्रपुरी इलाके में खड़ी एक कार में दो बच्चे संदिग्ध अवस्था में मृत पाए गए थे। दोनों बच्चे भाई-बहन थे। इसी घटना के विरोध में लोगों ने सोमवार को हिंसक प्रदर्शन किया। पटना के अटल पथ से वीडियो सामने आई है, जहां विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में विस्तार से।
पांच पुलिसकर्मी घायल
पुलिस ने जानकारी दी है कि पटना में भीड़ के हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया है कि हाल ही में दो बच्चों की हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार शाम यहां भीड़ ने हंगामा किया। इस दौरान एक महिला कांस्टेबल सहित कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, पटना के इंद्रपुरी में 15 अगस्त को दो बच्चों की मौत कार में हुई थी। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर 12 में एक कार के अंदर से दोनों बच्चों की डेड बॉडी बरामद की गई थी। गाड़ी काफी दिनों से वहां खड़ी थी। घटना के बाद पटना पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी।
पुलिस ने घटना के बारे में क्या बताया था?
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी थी कि दो बच्चों का शव गाड़ी की बीच वाली सीट पर मिला है। इनकी उम्र 5 से 10 साल के बीच है। बच्चे ट्यूशन पढ़ने गए थे। वापस नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान गाड़ी में बॉडी मिली। दोनों बच्चों का शव मिलने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृत बच्चों के पिता का आरोप लगाया था कि दोनों बच्चे शुक्रवार को एक शिक्षिका के घर पढ़ने गए थे। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं आए तो शिक्षिका से फोन पर पूछताछ की गई। शिक्षिका ने बताया कि बच्चे घर जा चुके हैं। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका होने के बाद पटना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। परिजनों को शिक्षिका पर शक है कि उसने मार दिया है।
ये भी पढे़ें- पटना में भाई-बहन का शव कार में मिला, शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
होटल के कमरे में हुआ कांड, प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली; खुद को भी उड़ाया