1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से मिलने वाली है राहत, 19 जिलों में बारिश का अलर्ट; गिर सकते हैं ओले

बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से मिलने वाली है राहत, 19 जिलों में बारिश का अलर्ट; गिर सकते हैं ओले

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 21, 2026 07:26 pm IST,  Updated : May 21, 2026 07:35 pm IST

बिहार के कई जिलों में शुक्रवार और शनिवार को आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बिहार में बारिश की चेतावनी- India TV Hindi
बिहार में बारिश की चेतावनी Image Source : PTI

पटनाः बिहार में लू का प्रकोप जारी है और राज्य के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। इसकी वजह से प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के लाखों लोगों को खुशखबरी दी है। अगले 48 घंटे के दौरान कई जिलों में आंधी के साथ गर्मी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले पड़ने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश की चेतावनी

 
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को अररिया, किशनगंज, सुपौल और पश्चिम चंपारण ज़िलों में तेज़ हवाएं चलेंगी और गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। 

दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी ज़िलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

24 मई को इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि 24 मई को पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने की संभावना है। कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया ज़िलों में भी झमामझ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

पटना में शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन पूरब दिशा से चलने वाली हवाओं के कारण बनी उमस भरी स्थिति बनी रहने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पांच जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट

बता दें कि गुरुवार को भी बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। चिलचिलाती गर्मी और गर्म हवाओं ने पूरे राज्य में लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिमी बिहार के पांच ज़िलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में गर्मी की स्थिति बेहद खतरनाक और जानलेवा हो सकती है। इन इलाकों के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने या उससे भी ऊपर जाने की आशंका है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी ये सलाह

पश्चिम दिशा से चलने वाली झुलसा देने वाली हवाओं और दिन के समय पड़ने वाली भीषण गर्मी के कारण लोग अपने घरों में ही दुबके रहने को मजबूर हैं। दोपहर के समय सड़कें, बाज़ार और सार्वजनिक स्थान लगभग वीरान नज़र आ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान 'हीटस्ट्रोक' (लू लगने) और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) का खतरा सबसे ज़्यादा होता है। डॉक्टरों ने लोगों से नियमित रूप से पानी, ORS, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करके अपने शरीर में पानी की कमी न होने देने (हाइड्रेटेड रहने) की अपील की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।