पटनाः बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई है। कई जिलों में ओले पड़े हैं साथ ही आकाशीय बिजली (ठनका) भी गिरने का मामला सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बादल गरजेंगे और ठनका भी गिर सकता है। साथ ही 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
अगले 24 घंटे के दौरान इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अररिया, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी एवं सुपौल जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होगी। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी में भी बारिश की उम्मीद है। कुछ जगहों पर बारिश के साथ ओले पड़ने की भी संभावना है। साथ ही ठनका भी गिर सकती है।
यहां पर चलेंगी तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
इन जिलों के अलावा सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना और नालंदा में भी रविवार से लेकर मंगलवार तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ तेज बारिश होगी। अररिया, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी एवं सुपौल जिलों में 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में 23 से 25 मार्च तक बारिश की संभावना नहीं है।
पटना में रविवार और सोमवार को बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौसम का मौजूदा मिजाज अगले तीन से चार दिनों तक जारी रह सकता है, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर आंधी-तूफान और बारिश होने की संभावना है। इससे बढ़ती गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को दी सलाह
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे अपने घरों के अंदर ही रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा करें और खेतों में पानी की निकासी का उचित प्रबंध सुनिश्चित करें, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।