1. Hindi News
  2. बिहार
  3. समस्तीपुर में थाना परिसर में फंदे से लटका मिला ASI का शव, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर में थाना परिसर में फंदे से लटका मिला ASI का शव, जांच में जुटी पुलिस

 Published : Jul 18, 2026 03:43 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 03:43 pm IST

बिहार के समस्तीपुर से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थाना परिसर के अंदर ही एक ASI का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे और स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया है। जानें पूरा मामला।

समस्तीपुर में थाना परिसर में फंदे से लटका मिला ASI का शव, जांच में जुटी पुलिस - India TV Hindi
समस्तीपुर में थाना परिसर में फंदे से लटका मिला ASI का शव, जांच में जुटी पुलिस Image Source : INDIA TV

बिहार के समस्तीपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना में तैनात डायल-112 के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू कुमार प्रसाद का शव थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में फंदे से लटका मिला है। इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यह पूरी घटना शनिवार सुबह मोहिउद्दीननगर थाना परिसर की है। सुबह पुलिसकर्मियों की नजर थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में फंदे से लटके ASI बबलू कुमार प्रसाद के शव पर पड़ी। इसके बाद इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पटोरी SDPO वीरेंद्र कुमार मेधावी, सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। मृतक ASI बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। उनका परिवार बगहा में रहता है, जबकि वह समस्तीपुर में अकेले रहकर नौकरी कर रहे थे। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना के डायल-112 में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर थाना के डायल-112 में हुआ था, लेकिन उन्होंने अभी वहां योगदान नहीं दिया था। समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव यानी डिप्रेशन से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में सामने आया है कि बबलू कुमार प्रसाद शांत स्वभाव के थे और साथी पुलिसकर्मियों से भी कम बातचीत करते थे। ड्यूटी के बाद अधिकतर समय अपने कमरे में ही रहते थे। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी बिताकर अपने घर बगहा से लौटे थे। उनके बेटे से भी बातचीत की गई है, लेकिन अब तक किसी पारिवारिक विवाद की पुष्टि नहीं हुई है।

एसपी ने कही ये बात
एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। थाना के सभी पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आत्महत्या, मानसिक तनाव और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। 

(रिपोर्ट - सुशील कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।