1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में मोकामा, गोपालगंज विधानसभा सीट पर कल उपचुनाव, सुरक्षा कड़ी

बिहार में मोकामा, गोपालगंज विधानसभा सीट पर कल उपचुनाव, सुरक्षा कड़ी

 Published : Nov 02, 2022 09:54 pm IST,  Updated : Nov 02, 2022 09:54 pm IST

भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी बाहुबली ललन सिंह की पत्नी हैं जो अनंत सिंह के विरोधी रहे हैं। भाजपा पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ रही है और पूर्व में उसने यह सीट अपने सहयोगी दलों के लिये छोड़ दी थी।

उपचुनाव - India TV Hindi
उपचुनाव Image Source : TWITTER

बिहार विधानसभा की मोकामा और गोपालगंज सीट पर बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव होंगे। प्रदेश में नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार बनने के बाद यह विधानसभा का पहला उपचुनाव हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा का साथ छोड़कर करीब तीन महीने पहले राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वाम दलों के साथ मिलकर नई गठबंधन सरकार बनाई थी।

कल होगा चुनाव 

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मोकामा में जहां 2.81 लाख लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, वहीं गोपालगंज में पात्र मतदाताओं की संख्या 3.31 लाख है। दोनों सीटों पर कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें से नौ गोपालगंज से किस्मत आजमा रहे हैं जबकि छह मोकामा से चुनाव लड़ रहे हैं। 

कांटे की टक्कर 
गोपालगंज से भाजपा नेता कुसुम देवी का मुकाबला राजद के मोहन गुप्ता से है। लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली पार्टी इस सीट को भाजपा से छीनने के लिये पूरा जोर लगा रही है। यह उपचुनाव भाजपा के विधायक रहे सुभाष सिंह के निधन के कारण हो रहा है। भाजपा ने उनकी पत्नी कुसुम देवी को मैदान में उतारा है। राजद का आरोप है कि कुसुम देवी को मैदान में उतारकर भाजपा ‘मतदाताओं की सहानुभूति’ बटोरने की कोशिश कर रही है।

अनंत सिंह का गढ़ 
राजद नेतृत्व ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र उसके सुप्रीमो लालू प्रसाद के गृह जिले गोपालगंज के अंतर्गत आता है। मोकामा में भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी के सामने राजद प्रत्याशी नीलम देवी हैं। नीलम देवी के पति अनंत सिंह को विधानसभा की सदस्यता के लिये अयोग्य ठहराए जाने के कारण यहां उपचुनाव हो रहे हैं। मोकामा 2005 से ही अनंत सिंह का गढ़ रहा है और उन्होंने जद(यू) के टिकट पर दो बार इस सीट से चुनाव जीता है। सिंह ने 2020 में राजद के टिकट पर इस सीट से चुनावी जीत हासिल की थी। हालांकि एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण वह विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य हो गए।

पहली बार इस सीट से चुनाव 
भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी बाहुबली ललन सिंह की पत्नी हैं जो अनंत सिंह के विरोधी रहे हैं। भाजपा पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ रही है और पूर्व में उसने यह सीट अपने सहयोगी दलों के लिये छोड़ दी थी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की तरफ से बताया गया कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से मतदान संपन्न कराए जाने के लिए दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में ईवीएम वीवीपैट मशीनों से युक्त होंगी। दोनों ही सीटों पर मतगणना छह नवंबर को होगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।