बिहार में इसी महीने दो अलग-अलग चरणों में विधानसभा चुनाव हुए। 6 नवंबर और 11 नवंबर को वोटिंग हुई और उसके बाद 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे सामने आए जिसमें NDA ने एक तरफा जीत हासिल कर ली। इसमें भाजपा ने 89 तो वहीं JDU ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं LJP(R) ने 19 सीटें जीती और HAM ने 5 सीटें जीती। एक अन्य साथी RLM ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद कल यानी 19 नवंबर को नीतीश कुमार ने अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया आज यानी 20 नवंबर को अगले कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही उन्होंने कुल मिलाकर 10वीं बार शपथ ली।
1. पहली बार साल 2000 में ली शपथ
आपको बता दें कि नीतीश कुमार ने पहली बार 3 मार्च 2000 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब नीतीश कुमार समता पार्टी में थे और भाजपा उनके साथ थी। इस बार बहुमत साबित न कर पाने के कारण 10 मार्च को उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा।
यहां देखें उस शपथ की फोटो

2. इसके बाद आता है साल 2005 जब नीतीश फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं। 24 नवंबर 2005 को दूसरी बार CM पद की शपथ लेते हैं। यह उनका पहला कार्यकाल होता है जिसे वो पूरा करते हैं। इस दौरान उन्हें NDA जिसमें भाजपा भी थी, का साथ मिला।

3. साल 2005 का कार्यकाल पूरा करने के बाद वो 2010 में फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं। इस बार वो 26 नवंबर को शपथ लेते हैं और 17 मई 2014 तक मुख्यमंत्री रहते हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया था, लेकिन कुछ महीनों बाद फिर सत्ता में वापसी की।

4. नीतीश कुमार चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ 2015 में 22 फरवरी को लेते हैं। इस बार वो महागठबंधन के साथ थे जिसमें कांग्रेस का साथ मिला।

5. अब बात करते हैं अगले शपथ की जो नीतीश कुमार ने 2015 में ही नवंबर में लिया। दरअसल 20 नवंबर को उन्होंने महागठबंधन के साथ फिर से शपथ लिया जिसमें RJD भी शामिल रही।

6. इसके बाद साल 2017 में उन्होंने छठी बार मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ लिया। इस बार वो भाजपा के साथ आ गए और NDA की सरकार बनी।

7. साल 2020 तक भाजपा के साथ कार्यकाल पूरा करने के बाद अगले कार्यकाल के लिए उन्होंने नवंबर 2020 में सातवीं बार मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ लिया।

8. इसी कार्यकाल के दौरान नीतीश कुमार NDA से अलग होते हैं और महागठबंधन के साथ सरकार बना लेते हैं। इस वजह से वो आठवीं बार 10 अगस्त 2022 को फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं।

9. अब बताते हैं कि उन्होंने 9वीं बार कब शपथ ली। दरअसल इस बार महागठबंधन से अलग होकर वो एक बार फिर से भाजपा के साथ आ जाते हैं और पिछली साल ही यानी 28 जनवरी 2024 को वो 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं।

10. इसके बाद नीतीश कुमार ने आज यानी 20 नवंबर 2025 को 10वीं बार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बार उनकी पार्टी JDU ने 85 सीटें जीती हैं। वहीं NDA ने 202 सीटों पर अपना परचम लहराया है।

ये भी पढ़ें-
नीतीश कुमार 10वीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने दिलाई शपथ
जब पीएम मोदी ने पटना के गांधी मैदान में मंच से लहराया गमछा, देखें Video