बिहार के हाजीपुर में मानवता को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहेज के दानवों ने पहले विवाहिता को पेट्रोल छिड़ककर जलाया। फिर इलाज के बहाने जहर का इंजेक्शन देकर हत्या कर दी। विवाहिता की हत्या के बाद ससुराल वाले ने सबूत मिटाने की कोशिश की। ये पूरा मामला लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव का है।
इंजेक्शन देकर मार डाला
घटना के संबंध में बताया जाता है कि ससुराल वालों ने 20 वर्षीय विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी। ससुरालवालों पर आरोप है कि पहले महिला के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया। फिर लोगों की आंखों धूल झोंकने के लिए इलाज के लिए हाजीपुर के निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया। इलाज के बहाने जहर का इंजेक्शन देकर मौत के घाट उतार दिया।
दो साल पहले हुई थी मृतका की शादी
सबूत छिपाने के लिए डेड बॉडी का अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया गया। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जो लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव निवासी रवि कुमार राय की पत्नी थी। वह सारण जिले के सोनपुर सैदपुर गांव निवासी स्वर्गीय लालबाबू राय की पुत्री थी। जिसकी शादी वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गावं निवासी भरत राय का बेटा रवि कुमार राय के साथ दो साल पहले हिन्दू रीति-रिवाज के साथ हुई थी।
दहेज की मांग को लेकर की गई हत्या
विवाहिता के मायके वाले के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन बाद में ससुराल पक्ष-सास, ससुर, देवर और ननद दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उसे जान से मारने और शव गायब करने की धमकी दी जाती थी।
इलाज के नाम खर्च किए गए लाखों रुपये
मृतका के भाई रौशन कुमार और मां गुड़िया देवी ने आरोप लगाया कि 19 मार्च को दहेज के लिए मारपीट के दौरान बाइक से पेट्रोल निकालकर खुशबू को जला दिया गया। इसके बाद ससुराल वालों ने एक मनगढ़ंत कहानी बनाकर उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के नाम पर लाखों रुपये खर्च कराए गए।
किसी को बिना बताए कराने लगे अंतिम संस्कार
मृतका के मायके वाले ने मृतका के ससुराल वालों पर जहर का इंजेक्शन देकर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जब इलाज का खर्च खुद उठाने की नौबत आई तो ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत जहर का इंजेक्शन दिलवाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका खुशबु के मायके वाले ने बताया कि ससुराल पक्ष ने बिना मायके वालों को सूचना दिए पिरापुर स्थित गंडक नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया।
अधजला शव छोड़कर फरार हुए आरोपी
सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही पति समेत अन्य आरोपी अधजला शव छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना पर एसडीपीओ गोपाल मंडल और थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जलते शव को बुझाकर जांच शुरू कर दिया।
जानिए क्या बोली पुलिस?
एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत जुटाई। पूरे मामले पर लालगंज के SDPO गोपाल मंडल ने बताया कि विवाहिता खुशबू कुमारी को जलाकर मार देने व परिजन को बिना बताए शव को घाट पर जलाने की सुचना मिली थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजा बाबू की रिपोर्ट