बिहार के समस्तीपुर में बेखौफ बदमाशों ने मुखिया मनोरंजन गिरी की गोली मारकर हत्या कर दी। मनोरंजन गिरी करिहारा पंचायत के मुखिया थे। घटना उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर की है। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर में गुरुवार रात अपराधियों ने मुखिया मनोरंजन गिरि की गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर उजियारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी हमलावरों और उनमें शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। जांच जारी है और जल्द ही हत्या के मकसद और संदिग्धों के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
छात्रा की छात्रावास की छत से गिरने की वजह से मौत
वहीं, नालंदा जिले में एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज की एक छात्रा की छात्रावास की छत से कथित रूप से गिरने की वजह से मौत हो गई। छात्रा की जान जाने के बाद आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने के अलावा कॉलेज की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चंडी में स्थित नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा सोनम कुमारी बुधवार रात छात्रावास की छत से कथित रूप से गिर गई थी।
उन्होंने बताया कि छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने सोनम कुमारी को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं कराया। इसके बाद छात्रों ने हंगामा किया। हंगामे के दौरान छात्रों ने एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और कॉलेज की संपत्ति में तोड़फोड़ की। इस बीच पुलिस के छात्रों पर लाठीचार्ज करने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
रिपोर्ट- सुनील कुमार, समस्तीपुर
संपादक की पसंद