Friday, February 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पाटलिपुत्र: PM मोदी बोले- बिहार में एक लालटेन, जो सिर्फ एक घर में रोशनी करती है, पढ़ें भाषण की 10 बड़ी बातें

पाटलिपुत्र: PM मोदी बोले- बिहार में एक लालटेन, जो सिर्फ एक घर में रोशनी करती है, पढ़ें भाषण की 10 बड़ी बातें

Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd Published : May 25, 2024 01:02 pm IST, Updated : May 25, 2024 01:10 pm IST

पीएम मोदी ने पाटलिपुत्र में आरक्षण को लेकर विपक्ष को जमकर घेरा और परिवारवाद पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चारों तरफ से एक ही मंत्र सुनाई देता है, फिर एक बार चार सौ पार।

PM Modi- India TV Hindi
Image Source : NARENDRA MODI/YOU TUBE पीएम मोदी

पाटलिपुत्र: पीएम मोदी की आज बिहार के पाटलिपुत्र में जनसभा थी। इस दौरान उन्होंने इंडी गठबंधन को आड़े हाथों लिया और उस पर आरक्षण और परिवारवाद समेत तमाम मुद्दों को लेकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन 24 घंटे आप लोगों के साथ झूठ बोलता है, वहीं दूसरी तरफ आपके पास 24 घंटे काम करने वाला मोदी है।

पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें- 

  1. पीएम ने कहा कि कुछ लोग लालटेन लेकर घूमते हैं, जो सिर्फ एक ही घर को रोशनी करती है। इंडी गठबंधन का सूत्र है- अपना काम बनता, भाड़ में जाए जनता। ये सिर्फ एमपी चुनने का चुनाव नहीं है। ये चुनाव देश का पीएम चुनने के लिए है।
  2. पीएम ने कहा कि अब आपका वोट मामूली नहीं है। अब आपका वोट देश का पीएम चुनने वाला है। भले ही आप पाटलिपुत्र में हो, लेकिन दिल्ली का फैसला आप करने वाले हो।
  3. पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कैसा पीएम चाहिए? भारत को ऐसा पीएम चाहिए, जो इस दमदार देश का दम दुनिया के सामने दमखम के साथ रख सके। वहीं इंडी गठबंधन की योजना पांच साल में पांच पीएम देने की है।
  4. पीएम मोदी ने कहा कि पांच में पांच पीएम होंगे तो देश का क्या होगा? इसके लिए दावेदार कौन-कौन हैं? गांधी परिवार का बेटा, सपा वाले परिवार का बेटा, नेशनल कॉन्फ्रेंस वाले परिवार का बेटा, एनसीपी वाले परिवार की बेटी, टीएमसी वाले परिवार का भतीजा, आप पार्टी के आका की पत्नी, नकली शिवसेना परिवार का बेटा और आरजेडी के बेटे और बेटियां, ये सारे परिवारवादी मिलकर पीएम पद की कुर्सी पर म्यूजिकल चेयर खेलना चाहते हैं।
  5. पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की धरती ने सामाजिक न्याय को लेकर पूरे देश को दिशा दिखाई है। एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के अधिकार के लिए बिहार ने लंबी लड़ाई लड़ी है। मैं भी आपकी ही तरह अति पिछड़े लोगों के बीच पला-बढ़ा हूं। इसलिए मैं उस दर्द को जानता हूं। आरजेडी, कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दल एससी, एसटी और ओबीसी के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात कर रहे हैं। हमारा संविधान कहता है कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। बाबा साहेब भी यही कहते थे। लेकिन आरजेडी और कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी का कोटा खत्म करके धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं। 
  6. पीएम ने कहा कि 2024 के इस चुनाव में जब मैंने इन दलों की इस साजिश का पर्दाफाश किया है, तो एक के बाद एक इनकी SC-ST-OBC आरक्षण विरोधी करतूतें सामने आ रही हैं। RJD-कांग्रेस ने मिलकर मेरे यादव, कुर्मी, कुशवाहा, तेली, कान्हू, निषाद, पासवान और मेरे मुसहर परिवारों के आरक्षण पर डाका डाल दिया है।
  7. पीएम ने कहा कि अपने वोटबैंक को खुश करने के लिए कांग्रेस ने रातोरात माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन्स से जुड़ा कानून बदल दिया। इसके बाद धड़ा-धड़ हजारों संस्थानों को माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन घोषित कर दिया। इन संस्थानों में पहले एडमिशन के दौरान SC/ST/OBC को पूरा आरक्षण मिलता था। RJD-कांग्रेस के चलते आज SC/ST/овс को माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन में 1 परसेंट भी आरक्षण नहीं मिलता है। यानी लाखों SC/ST/OBC युवाओं की शिक्षा के अवसर इंडी गठबंधन वालों ने छीन लिए हैं।
  8. पीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन की एक ओर साजिश का भी अभी कोलकाता हाईकोर्ट ने देश के सामने खुलासा कर दिया है। इंडी वालों ने बंगाल में 77 मुस्लिम जातियों को खटाखट-खटाखट एक झटके में OBC का दर्जा दे दिया। इसके बाद सरकारी नौकरियों में जो लाभ अति पिछड़ों और OBC जातियों को मिलना चाहिए था, वो इन 77 मुस्लिम जातियों को मिलने लगा। हक मेरे OBC और अति पिछड़ों का मारा गया। जबकि इसका फायदा इंडी वालों के लिए वोट जिहाद करने वालों को हुआ।
  9. पीएम ने कहा कि RJD-कांग्रेस और इंडी गठबंधन इस सच्चाई से इंकार नहीं कर सकते कि ये संविधान बदलकर पूरे देश में धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं।
  10. पीएम ने कहा कि मैं भी आज बिहार की इस सामाजिक न्याय की पुण्य भूमि से देश और बिहार को एक गारंटी देता हूं कि जब तक मोदी जिंदा है मैं SC-ST-OBC और अति पिछड़ों के हकों को छीनने नहीं दूंगा। मोदी के लिए संविधान सर्वोपरि है, बाबा साहेब अंबेडकर की भावना सर्वोपरि है।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement