1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फर्जी हाजिरी, भ्रष्टाचार और रील्स बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई, दो थानाध्यक्ष समेत अब तक 25 पुलिसकर्मी सस्पेंड

फर्जी हाजिरी, भ्रष्टाचार और रील्स बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई, दो थानाध्यक्ष समेत अब तक 25 पुलिसकर्मी सस्पेंड

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 25, 2026 08:45 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 09:12 am IST

फर्जी हाजिरी, लापरवाही, अवैध बालू निकासी और रील्स बनाने के मामले में कैमर एसपी शिखर चौधरी ने सख्त कदम उठाए हैं। एसपी ने दो थानाध्यक्ष समेत 25 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

कुदरा पुलिस थाना- India TV Hindi
कुदरा पुलिस थाना Image Source : REPORTER

 

बिहार के कैमूर जिले में पुलिस महकमे के भीतर अनुशासनहीनता, लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस कप्तान (SP) शिखर चौधरी ने बड़ी और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की है। पिछले महज एक महीने के भीतर जिले में दो थानाध्यक्षों सहित करीब 25 पुलिसकर्मियों और होमगार्ड जवानों पर निलंबन व गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई की गई है। एसपी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल व्याप्त है।

जांच में सामने आया फर्जी हाजिरी का मामला

मामले की जानकारी देते हुए एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मोहनिया एसडीपीओ (SDPO) कार्यालय में तैनात एक महिला होमगार्ड जवान द्वारा जिले से ट्रांसफर हो चुकी अन्य महिलाकर्मी की फर्जी हाजिरी बनाकर वेतन निकासी का प्रयास किया जा रहा था। जांच के दौरान एब्सेंट (अनुपस्थिति) पर व्हॉइटनर लगाकर प्रेजेंट (उपस्थिति) दर्शाने का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला होमगार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

दो थानाध्यक्ष के खिलाफ विभागीय कार्रवाई

कार्रवाई का दायरा यहीं खत्म नहीं हुआ। जप्त गाड़ियों से अवैध बालू निकासी के मामले में संलिप्तता पाए जाने पर कुदरा थानाध्यक्ष के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, दलालों से साठगांठ करने और आम जनता को प्रताड़ित करने के गंभीर आरोपों में चांद थानाध्यक्ष के विरुद्ध भी जांच बिठाते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। 

सैप जवान और होमगार्ड गिरफ्तार

इसके अतिरिक्त, जिले के मोहनिया चेकपोस्ट पर अवैध वसूली के आरोप में 10 से अधिक सैप जवानों और होमगार्ड कर्मियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। एसपी शिखर चौधरी ने स्पष्ट किया कि ऑन-ड्यूटी वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और अनुशासनहीनता बरतने वाले 2 से 3 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

एसपी का कड़ा संदेश देते हुए कहा "सभी थानों में दलालों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। आम जनता से संवेदनशीलता और सहयोगात्मक रवैये के साथ पेश न आने वाले तथा पद का दुरुपयोग करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।" फिलहाल कैमूर पुलिस में एसपी की कार्रवाई का असर भी दिख रहा है। मामले की जांच जारी है। 

रिपोर्टः मुकुल जायसवाल, कैमूर

भी पढ़ेंः रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, बिजली चोरी केस में राहत दिलाने के नाम पर मांगे थे 4 हजार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।