1. Hindi News
  2. बिहार
  3. चिराग बच्चा है...बीजेपी के लिए प्रचार करने पर नीतीश कुमार ने साधा निशाना, कही ये बातें

चिराग बच्चा है...बीजेपी के लिए प्रचार करने पर नीतीश कुमार ने साधा निशाना, कही ये बातें

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 31, 2022 09:14 pm IST,  Updated : Oct 31, 2022 09:28 pm IST

बिहार उपचुनाव को लेकर चिराग पासवान ने बीजेपी के लिए प्रचार करने का ऐलान किया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चिराग पर निशाना साधते हुए उन्हें बच्चा बताया। नीतीश ने कहा कि वह अभी बच्चा है।

नीतीश कुमार और चिराग पासवान- India TV Hindi
नीतीश कुमार और चिराग पासवान Image Source : FILE PHOTO

Bihar Politics: बिहार के गोपालगंज और मोकामा में 3 नवंबर को उपचुनाव होने वाले हैं। इस बीच, लोजपा-रामविलास के प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने का ऐलान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सोमवार को उन्हें 'बच्चा' कहकर खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "चिराग पासवान अभी बच्चा है। कुछ-कुछ बोलते रहता है।"

उन्होंने कहा, "चिराग अतीत में बीजेपी से जुड़े थे और जब वह इसके साथ हैं, तो मुझे आश्चर्य नहीं है। हम सभी जानते हैं कि उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों को जदयू के खिलाफ लड़ने के लिए टिकट दिया था।"

रामविलास पासवान को बहुत सम्मान दिया: नीतीश 

नीतीश कुमार ने कहा, "मैंने रामविलास पासवान को बहुत सम्मान दिया और हमारी राजनीति के शुरुआती दौर में उनका सपोर्ट भी किया। मैं उनसे दिल्ली में मिल रहा था, जब वह जीवित थे। हमारा रिश्ता बहुत पुराना था। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके जाने के बाद उनका बेटा मेरे बारे में कुछ भी बोल रहा है।"

बीजेपी बिहार में महागठबंधन से डरती है: तेजस्वी

वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी बिहार में महागठबंधन से डरती है, इसलिए वह चिराग पासवान को मोकामा और गोपालगंज में भगवा उम्मीदवारों के प्रचार के लिए लेकर आई है। उन्होंने कहा, "बीजेपी को मोकामा और गोपालगंज में हार का एहसास हो रहा है, इसलिए वह चिराग पासवान और अन्य राज्यों के नेताओं को प्रचार के लिए ला रही है। बिहार में भाजपा के लिए जमीनी स्थिति सबसे खराब है। उसके उम्मीदवार इन दोनों जगहों पर उपचुनाव नहीं जीतेंगे।"

'पेट में चोट लगी है, इसलिए प्रचार अभियान में नहीं जा रहे'

मोकामा और गोपालगंज में नीतीश कुमार के चुनाव प्रचार नहीं करने पर तेजस्वी यादव ने कहा, "उनके पेट में चोट लगी है और इसलिए वह प्रचार अभियान में नहीं जा रहे हैं। मोकामा और गोपालगंज में हमारी तीन चुनावी रैलियां हैं, जहां मैं, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा जा रहे हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।