पटना: कांग्रेस नेता आज बिहार के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह गयाजी जिले में कई महिला समूहों से बातचीत करेंगे और अन्य कार्यक्रमों के अलावा नालंदा में एक समारोह में भाग लेंगे। फिलहाल राहुल गांधी गयाजी पहुंच चुके हैं। वे गयाजी शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर गेहलौर में दशरथ मांझी स्मारक का भी दौरा करेंगे और दशरथ मांझी के परिवार के सदस्यों से मिलेंगे। दशरथ माझी को ‘माउंटेन मैन’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 1960 से लेकर दो दशक की अवधि में हथौड़े और छेनी की मदद से पहाड़ियों के बीच से 360 फुट लंबा और 30 फुट चौड़ा रास्ता बनाया था। इसके बाहद राहुल गांधी नालंदा के लिए रवाना हो जाएंगे।
नालंदा में ‘संविधान सम्मेलन’ को करेंगे संबोधित
राहुल गांधी नालंदा में राजगीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (आरआईसीसी) में ‘संविधान सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले गांधी का बोधगया में प्रतिष्ठित महाबोधि महाविहार मंदिर जाने का भी कार्यक्रम है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष का यह दौरा राज्य में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हो रहा है।
उधर, राहुल गांधी की यात्रा को लेकर बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। सबसे पहले बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह का बयान सामने आया। गिरिराज सिंह ने कहा, "ऐसे व्यक्ति (राहुल गांधी) का बिहार दौरा है जो भारत की सेना के शौर्य का विरोद्ध कर रहे हैं और सेना के शौर्य पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है इन्होंने देशद्रोह का काम किया है। इनकी जुबान पाकिस्तान की तरह खुलती है। आज वो आ रहे हैं तो लोग इनका आने वाले चुनाव में विरोध करेंगे..."
बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने क्या कहा?
वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस को डुबाने के लिए आ रहे हैं और गया में कांग्रेस को मोक्ष भी मिलेगा। उधर, बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन ने कहा, "राहुल गांधी को सबसे पहले बताना चाहिए कि बाबा भीम राव अंबेडकर को उनकी सरकार के समय कभी सम्मान क्यों नहीं मिला? महिलाओं का शोषण उनकी सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक क्यों हुआ? महिला आरक्षण के विधेयक को किसी ने आगे बढ़ाया तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। राहुल गांधी अपने परिवार के बाहर ना किसी दलित को देखते हैं और ना ही किसी महिला को।"