1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में एक ही परिवार के 5 लोगों का शव मिलने से हड़कंप

बिहार में एक ही परिवार के 5 लोगों का शव मिलने से हड़कंप

 Reported By: IANS
 Published : Mar 13, 2021 10:34 am IST,  Updated : Mar 13, 2021 01:38 pm IST

बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ही घर में पांच लोगों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। सभी शव फंदे से लटके हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिहार में एक ही परिवार के 5 लोगों का शव मिलने से हड़कंप- India TV Hindi
बिहार में एक ही परिवार के 5 लोगों का शव मिलने से हड़कंप Image Source : PTI

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ही घर में पांच लोगों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। सभी शव फंदे से लटके हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राघोपुर थाने के गद्दी गांव निवासी मिश्रीलाल साह के घर से पांच शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में साह, उनकी पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं।

जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। कुमार ने आईएएनएस को बताया कि साह तीन भाई हैं, लेकिन इनकी दो भाईयों से भी बात नहीं होती थी। पूरा परिवार घर में ही कैद रहता था।उन्होंने कहा कि प्रथम ²ष्टया मामला आत्महत्या का लगता है। आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चला है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में साह और उनकी पत्नी तथा तीन बच्चे हैं। बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का है।

उन्होंने कहा कि विस्तृत छानबीन के बाद ही मामले की हकीकत सामने आ पाएगी। उन्होंने कहा कि आसपास के लोग बताते हैं कि यह परिवार घर से काफी कम निकलता था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

मृतकों की शिनाख्त मिश्रीलाल साह (50), उनकी पत्नी (44) , दो बेटियों और नौ वर्ष के एक पुत्र के रूप में की गई है। क्षेत्र में चर्चा है कि आर्थिक तंगी से परेशान होने के कारण मिश्रीलाल ने अपने पूरे परिवार के साथ आत्महत्या कर ली है। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मिश्रीलाल कोयला बेचकर जीवकोपार्जन करते थे और उनकी बड़ी लड़की ने करीब ढाई साल पहले अंतरजातीय विवाह किया था, जिसके बाद परिवार गांव के लोगों से और रिश्तेदारों से अलग-थलग रहने लगा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।