राजद नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने मंगलवार की सुबह एक गुड न्यूज दी है। उन्होंने एक तस्वीर शेयर करते हुए बेटा होने की जानकारी दी। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मंगलवार को लिखा, "गुड मॉर्निंग! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ! हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और प्रसन्न हूं। जय हनुमान!" तेजस्वी यादव ने अस्पताल से अपने बेटे की एक तस्वीर भी शेयर की है। बता दें कि इससे पहले तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी की एक बेटी भी है। बेटी का नाम कात्यायनी है।
सीएम ममता बनर्जी ने तेजस्वी यादव को दी शुभकामनाएं
इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री द्वारा बेटे के जन्म की घोषणा पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, "मैं उन्हें शुभकामनाएं देती हूं। मैंने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से भी मुलाकात की। उनका परिवार खुश और शांतिपूर्ण रहे और चूंकि चुनाव भी आ रहे हैं, इसलिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देती हूं। " इसे लेकर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हम सभी खुश हैं कि परिवार में एक नया सदस्य आया है। मैं सभी शुभचिंतकों, खासकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने हमारा दिल से साथ दिया। आज भगवान हनुमान का दिन है और मैं भगवान हनुमान का भक्त हूं।"
तेज प्रताप यादव को लेकर चल रहा विवाद
वहीं दूसरी तरफ तेज प्रताप को लेकर उठा विवाद भी चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में तेज प्रताप यादव की तस्वीर एक लड़की के साथ सामने आने के बाद से लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। इसके अलावा लालू ने परिवार से भी तेज प्रताप यादव का किनारा कर लिया। हालांकि तेज प्रताप यादव की शादी बिहार के पूर्व सीएम दारोगा राय की बेटी ऐश्वर्या राय से हुई थी। फिलहाल ऐश्वर्या राय और तेज प्रताप के बीच विवाद के बाद अब दोनों अलग रह रहे हैं।