बिहार के हाजीपुर में बेलसर थाना क्षेत्र में एक 32 साल के युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। घटना मिश्रौलिया गांव की है, जहां आम के बाग में युवक ने फांसी लगाई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मिश्रौलिया के निवासी विनोद मिश्रा के बेटे कुंदन कुमार के रूप में की गई है। ग्रामीणों ने सुबह बगीचे से जाते समय शव को पेड़ पर रस्सी से लटका देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए और परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान कर ली है।
परिजनों का आरोप है कि कुंदन की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। जिससे ये आत्महत्या लगे। हालांकि परिजनों ने हत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण या किसी संदिग्ध का नाम नहीं बताया है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पेड़ पर फांसी लगाकर युवन की मौत
घटना स्थल पर बेलसर पुलिस और थानाध्यक्ष पहुंचे, पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि मृतक कुंदन का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और उसकी पत्नी कई सालों से मायके में रह रही थी। एसडीपीओ के अनुसार, कुंदन पत्नी से विवाद के बाद तनाव में था। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। परिजनों की लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
| ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर भिड़े दो दोस्त, बाग में मारपीट और फायरिंग; कार को किया आग के हवाले |
इनपुट: राजाबाबू (हाजीपुर)