1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के 14 स्थानों पर पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा, जानिए किस तरह की गईं तैयारियां

छत्तीसगढ़: नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के 14 स्थानों पर पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा, जानिए किस तरह की गईं तैयारियां

 Published : Jan 25, 2025 09:35 pm IST,  Updated : Jan 25, 2025 09:39 pm IST

रविवार को देशभर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के 14 स्थानों पर पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

बस्तर के नक्सल एरिया में ध्वजारोहण- India TV Hindi
बस्तर के नक्सल एरिया में ध्वजारोहण Image Source : FILE PHOTO-PTI

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के सुदूर 14 स्थानों पर रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता के बाद पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ये स्थान क्षेत्र के बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिलों में हैं, जिसमें सात जिले शामिल हैं। 

इन जगहों पर पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा

उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में सुरक्षाबलों के नए शिविरों की स्थापना से क्षेत्रों के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि पिछले साल सितंबर से बीजापुर में कोंडापल्ली, जिदपल्ली, वटेवागु और कर्रेगट्टा, नारायणपुर में होराडी, गरपा कच्चापाल और कोडलियार गांव तथा सुकमा में तुमालपड़, रायगुडेम, गोलाकुंडा, गोमगुड़ा और मेट्टागुड़ा गांवों सहित 13 गांवों के पास सुरक्षाबलों के 14 नए शिविर स्थापित किए गए हैं। 

आजादी के बाद ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं हुआ

जिदपल्ली गांव में बड़ा भौगोलिक क्षेत्र होने के कारण पांच किलोमीटर की दूरी पर दो अलग-अलग शिविर स्थापित किए गए हैं। सुंदरराज ने बताया, 'रविवार को इन 14 स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद से ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं हुआ।' 

कड़ी की गई है सुरक्षा व्यवस्था

उन्होंने बताया कि इन 14 शिविरों में से 10 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), तीन में सीमा सुरक्षा बल (BSF) और एक में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) तैनात है। अधिकारी ने बताया कि इन अंदरूनी क्षेत्रों में नए शिविरों की स्थापना से नक्सलियों को पीछे हटना पड़ा है। 

गांव तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं

उन्होंने कहा कि नए शिविर नियाद नेल्लनार (आपका अच्छा गांव) योजना के माध्यम से लोगों, मुख्य रूप से आदिवासियों तक पहुंचने के लिए सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को सुविधाजनक बना रहे हैं, जिसका उद्देश्य विकास कार्यों को अंजाम देना और सुरक्षा शिविरों के माध्यम से आंतरिक गांवों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना है। 

12 अन्य गांवों में पहली बार मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

सुंदरराज ने कहा कि बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर के 12 अन्य गांवों में रविवार को पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। इन गांवों में पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार तिरंगा फहराया गया था। इस बीच, राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर समेत सभी जिलों में गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 

अंबिकापुर में तिरंगा फहराएंगे सीएम

एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल रमेन डेका सुबह रायपुर के पुलिस परेड मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और सुरक्षा कर्मियों की विभिन्न इकाइयों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में तिरंगा फहराएंगे। 

रायगढ़ और बस्तर में तिरंगा फहराएंडे डिप्टी सीएम

डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा क्रमश: रायगढ़ और बस्तर में गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि अन्य मंत्री और विधायक राज्य में विभिन्न स्थानों पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर राज्य में खासकर माओवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।