1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. असम: मंदिर परिसर में गैंगरेप की घिनौनी वारदात, नौ में से आठ गिरफ्तार, महिला की तलाश जारी

असम: मंदिर परिसर में गैंगरेप की घिनौनी वारदात, नौ में से आठ गिरफ्तार, महिला की तलाश जारी

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Dec 14, 2024 08:09 am IST,  Updated : Dec 14, 2024 08:20 am IST

असम में एक महिला से नौ युवकों ने मंदिर परिसर में सामूहिक दुष्कर्म किया। उसका वीडियो बनाया और व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर भी कर दिया। पुलिस ने आठ युवकों को गिरफ्तार किया है। महिला की तलाश जारी है।

gang rape in assam- India TV Hindi
असम में महिला से गैंगरेप Image Source : सांकेतिक तस्वीर

असम: गुवाहाटी से एक शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। मंदिर परिसर में एक महिला से नौ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर कर दिया। अब पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया है और उन सबसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के एक सीनियार अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोरचुक क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो स्थानीय लोगों के बीच वायरल होने के बाद घटना को अंजाम देने वाले आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आठ आरोपी गिरफ्तार, नौवें की तलाश जारी

पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना संज्ञान में आते ही पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि आठवें आरोपी को बाद में अरेस्ट किया गया। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बराह ने कहा कि, ’इस घटना का वीडियो शुक्रवार सुबह हमें एक पत्रकार से प्राप्त हुआ तब हमें इसकी जानकारी मिली। उन्होंने कहा, ‘प्राप्त सूचना और वीडियो के गहन विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने गोरचुक और जालुकबारी पुलिस थाने के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर तत्काल छापे मारे। वीडियो में दिखे लोगों की पहचान की पुष्टि के बाद अबतक आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।’

महिला की पहचान की जा रही

पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी आरोपियों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच है, हालांकि महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। इस घटना की जांच फिलहाल जारी है, महिला की पहचान भी जल्द ही कर ली जाएगी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार थे। आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब नवें आरोपी की पहचान की जा रही है। 

मंदिर परिसर में किया गैंगरेप, वीडियो किया वायरल

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना 17 नवंबर को तब हुई जब इलाके में रास उत्सव मनाया जा रहा था। ‘अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों में से एक महिला को मंदिर परिसर में ले गया था। वहां उससे नौ लोगों ने बलात्कार किया और घटना का वीडियो बनाकर शेयर कर दिया।’ अधिकारी ने बताया कि वीडियो में दिख रहे घटना में शामिल लोगों की पहचान की गई है और उनमें से एक फरार है। वहीं स्थानीय निवासियों ने कहा है कि मंदिर और आसपास के इलाकों में दिन रात नशेड़ी घूमते रहते हैं। उनसे हमेशा डर का माहौल बना रहता है।"

         

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।