राजस्थान: झुंझुनू शहर के पीपली चौक इलाके में सोमवार की रात, उस समय सनसनी फैल गई, जब आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। अपने ही मोहल्ले के 20 वर्षीय युवक फैसल उर्फ आबिद पर जासिम कुरैशी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। सीने पर हुए कई वारों से फैसल लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे बीडीके अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार फैसल उर्फ आबिद अपने दोस्तों के साथ वॉलीबॉल खेलकर घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह जैसे ही मोहल्ले में पहुंचा, तभी पीछे से दौड़ता हुआ आया 21 वर्षीय जासिम कुरैशी उस पर टूट पड़ा। इससे पहले कि फैसल कुछ समझ पाता, आरोपी ने चाकू निकालकर उसके सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से फैसल चीखते हुए सड़क पर गिर पड़ा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
फैसल की हालत गंभीर
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। खून से लथपथ युवक को स्थानीय लोगों ने संभाला और तत्काल राजकीय बीडीके अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
कई दिनों से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार फैसल और जासिम दोनों एक ही मोहल्ले के निवासी हैं। दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौका मिलते ही हमला कर दिया।
आरोपी के परिजनों ने ही पुलिस को सौंपा
घटना के बाद आरोपी के परिजन भी उसके कृत्य से स्तब्ध रह गए। जानकारी के अनुसार परिजनों ने उसे छिपाने या बचाने की कोशिश नहीं की, बल्कि स्वयं पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीपली चौक में दो दिन में दूसरी बड़ी वारदात से दहशत
गौरतलब है कि पीपली चौक क्षेत्र में दो दिन पहले हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर पिस्टल की नोक पर परिवार को बंधक बना लिया था और करीब एक करोड़ रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। अब उसी इलाके में दिनदहाड़े हुए चाकूबाजी के इस मामले ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
(झुंझुनू से अमित शर्मा की रिपोर्ट)