1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. चाकू से गला रेतकर रूपलाल की हत्या, नाले में फेंका शव, अंधविश्वास से जुड़ा मामला, आरोपी अनीस गिरफ्तार

चाकू से गला रेतकर रूपलाल की हत्या, नाले में फेंका शव, अंधविश्वास से जुड़ा मामला, आरोपी अनीस गिरफ्तार

 Published : Sep 28, 2025 07:11 pm IST,  Updated : Sep 29, 2025 12:07 am IST

आरोपी अनीस के घर पर नाराज परिजनों ने तोड़फोड़ की। पुलिस की टीम ने आरोपी अनीस को गिरफ्तार कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। इस हत्या केस में अंधविश्वास और झाड़फूंक का मामला भी जुड़ा हुआ लग रहा है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार को हुई युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है। रविवार को गांव वालों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया। इतना ही नहीं गांव वालों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, जिसमें आरोपी अनीस सहित उसके साथी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, परिवार वालों ने रूपलाल के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। गांव में माहौल तनावपूर्व देखते ही सीओ सहित पांच थानों की पुलिस पहुंच गई।

काफी मनाने के बाद कराया गया अंतिम संस्कार

सूचना के बाद बीजेपी एमएलए ज्ञान तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और विधायक के समझाने के बाद परिवार वालों ने रूपलाल का अंतिम संस्कार कर दिया। यह पूरा मामला थानगांव थाना क्षेत्र का है। रूपलाल की हत्या के पीछे अंधविश्वास का होना बताया जा रहा है।

नाले में पड़ा था शव

बता दें कि शनिवार सुबह गांव के बाहर रूपलाल का शव नाले में पड़ा बरामद हुआ था। रूपलाल के गर्दन पर चाकू के कई वार थे। घटना के बाद परिवार वालों ने रूपलाल के किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर से बुला ले जाने आरोप लगाया था। पुलिस ने पूरे मामले को लेकर अपनी जांच शुरू कर दी थी। 

अनीस पर हत्या किए जाने का शक

वहीं, मृतक रूपलाल की बेटी ने गांव के ही रहने वाले अनीस पर हत्या किए जाने का शक जाहिर किया था। आज जब रूपलाल का शव गांव पहुंचा तो गांव वालो में आक्रोश व्याप्त हो गया और गांव वालों ने आरोपी अनीस के घर पर धावा बोल दिया। जिसमें गांव वालों ने अनीस के घर पर जमकर तोड़फोड़ की इस तोड़फोड़ में अनीस की वृद्ध मां शकीना और कैंसर पीड़ित बेटी रसीमुन घायल हो गईं।

गांव में हुआ तनावपूर्ण माहौल

आरोपी अनीस के घर तोड़फोड़ की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गांव वालों को समझा बुझा कर शांत करवाया और दोनों घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया। वहीं, गांव वालों ने रूपलाल के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। गांव में देखते ही देखते माहौल तनावपूर्व होने लगा।

बीजेपी विधायक भी पहुंचे गांव

सूचना पाकर सीओ महमूदाबाद, रेउसा, रामपुर मथुरा सहित पांच थानों की पुलिस पहुंच गई। बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और विधायक ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया। इस पर परिवार वालों ने रूपलाल के शव का अंतिम संस्कार किया।

अनीस और उसकी पत्नी को ठहराया मौत का जिम्मेदार

रूपलाल हत्या कांड की अगर बात करें तो अभी तक पुलिस जांच में  यह सामने आया कि हत्या की जड़ में अंधविश्वास और पुराने विवाद थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इस घटना का खुलासा नहीं किया है। परिजनों का कहना है कि मृतक रूपलाल को शक था कि झाड़फूंक का काम करने वाला अनीस उसकी पत्नी की मौत का जिम्मेदार है। 

शराब पिलाकर की गई हत्या

इसी कारण दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ था। यह भी बताया जा रहा है कि अनीस के चेले रामप्रसाद की बेटी और अनीस को लेकर मृतक द्वारा आपत्तिजनक बातें प्रचारित करने से दोनों आरोपी उससे खुन्नस मानते थे। घटना वाले दिन रामप्रसाद, रूपलाल को घर से बुलाकर अनीस के पास ले गया। जहां शराब पिलाकर दोनों ने उसकी गला काटकर हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया।

जल्द ही घटना का खुलासा करेगी पुलिस

पुलिस इन आरोपों की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

सीतापुर से मोहित मिश्रा की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।