1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में AAP ने लांच किया चुनावी कैंपेन 'रेवड़ी पर चर्चा', केजरीवाल ने महिलाओं से किया एक और बड़ा वादा

दिल्ली में AAP ने लांच किया चुनावी कैंपेन 'रेवड़ी पर चर्चा', केजरीवाल ने महिलाओं से किया एक और बड़ा वादा

 Published : Nov 22, 2024 04:30 pm IST,  Updated : Nov 22, 2024 04:50 pm IST

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2025 के दिल्ली चुनाव से पहले आज दिल्ली में जनता के साथ 'रेवड़ी पे चर्चा' शुरू की। इस दौरान पार्टी के सभी सीनियर नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

AAP ने लांच किया चुनावी कैंपेन 'रेवड़ी पर चर्चा'- India TV Hindi
AAP ने लांच किया चुनावी कैंपेन 'रेवड़ी पर चर्चा' Image Source : PTI

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर 'रेवड़ी पर चर्चा' नामक चुनावी कैंपेन लांच किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में चुनाव आ गए हैं। हम आज दिल्ली भर में एक नया अभियान शुरू कर रहे हैं। यह 'रेवड़ी पे चर्चा' है। हर गली, हर मोहल्ले और हर सोसायटी में कुल 65,000 बैठकें होंगी। पर्चे बांटे जाएंगे। इनके जरिए हमारे कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएंगे और लोगों को बताएंगे कि हमने दिल्ली में बहुत काम किया है। हमने दिल्ली के लोगों को छह मुफ्त 'रेवाड़ियां' दी हैं। हम दिल्ली के लोगों से पूछना चाहते हैं कि उन्हें ये 'रेवड़ियां' चाहिए या नहीं। 

जनता को समझाएंगे आप कार्यकर्ता

पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता पूरी दिल्ली में 65,000 सभाएं करेंगे ताकि लोगों को यह समझाया जा सके कि इन मुफ्त सुविधाओं का क्या मतलब है और कैसे केवल ‘आप’ ही इन्हें प्रदान कर सकती है।  उन्होंने कहा कि सरकार बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, महिलाओं के लिए बस यात्रा और बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा की सुविधा मुफ्त प्रदान कर रही है।

महिलाओं को मिलेगा 1000 हजार रुपये

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं के लिए एक और ‘रेवड़ी’ 1,000 रुपये मासिक सहायता जल्द ही शुरू की जाएगी। इससे पहले दिल्ली की सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा आप सरकार दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दिल्ली में सभी मुफ्त सुविधाएं बंद करना चाहती है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में भाजपा ने ‘आप’ सरकार के विकास कार्यों को रोकने का ही काम किया है।

मुफ्त की सेवाएं रहेंगी जारी

केजरीवाल ने दिल्ली के निवासियों को मुफ्त सेवाएं प्रदान करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सेवाओं को मुफ्त बनाने वाली नीतियां लगातार जारी रहेंगी। 

इससे पहले गुरुवार को आप ने आगामी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर दी। पार्टी ने 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए 11 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। हाल में ही बीजेपी से आप में शामिल होने वाले अनिल झा, बीबी त्यागी और ब्रह्म सिंह तंवर को भी टिकट मिला है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।